बीकानेर: राजस्थान में बीकानेर में इस वर्ष अग्रसेन जयंती महोत्सव को भव्य एवं ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान करने का प्रयास किया जाएगा। अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के मंत्री एडवोकेट शैलेश गुप्ता ने सोमवार को यहां बताया कि इसके तहत विशाल शोभायात्रा के साथ सप्ताहभर विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक एवं धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें क्रिकेट प्रतियोगिता, रंगोली एवं मेहंदी प्रतियोगिता, भजन संध्या, सांस्कृतिक कार्यक्रम, ध्वजारोहण, हवन, रक्तदान शिविर और अन्य सामाजिक कार्यक्रम शामिल होंगे।
उन्होंने बताया कि जिला इकाई की कोर समिति एवं संरक्षक मंडल की रविवार को हुई बैठक में कई निर्णय लिये गये। इसके तहत समाज में परिवारों के लगातार छोटे होते स्वरूप पर चिंता व्यक्त करते हुए युवाओं को बड़े एवं सशक्त परिवार के प्रति प्रेरित करने का निर्णय लिया गया। इस क्रम में जिस दंपती के यहां तीसरे बच्चे का जन्म होगा, उसे समाज द्वारा सम्मानित किया जाएगा और चौथे बच्चे के जन्म पर विशेष पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि समाज का विवाह समारोहों में डिस्पोजेबल सामग्री का उपयोग नहीं करने और विवाह पूर्व शूट जैसी अनावश्यक परंपराओं से बचने का आह्वान किया जायेगा।
श्री गुप्ता ने बताया कि संगठनात्मक विस्तार के तहत अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन में एडवोकेट शैलेश गुप्ता को मंत्री और नवीन अग्रवाल को उप मंत्री मनोनीत किया गया। साथ ही अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन युवा इकाई में पंकज अग्रवाल को जिला अध्यक्ष, सौरव बंसल को जिला महामंत्री और गौरव चौधरी को जिला कोषाध्यक्ष मनोनीत किया गया।







