
रायपुर: छत्तीसगढ़ ओलम्पिक एसोसिएशन ने राज्य सरकार द्वारा 20 खेलों के 156 उत्कृष्ट खिलाड़ियों को शासकीय सेवा में लाभ का अवसर प्रदान करने के निर्णय का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का अभार जताया है। मुख्यमंत्री श्री साय से शुक्रवार रात उनके निवास कार्यालय में एसोसिएशन के महासचिव विक्रम सिंह सिसोदिया के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने शिष्टाचार मुलाकात की और खिलाड़ियों के हित में लिए गए निर्णयों के लिए उनका आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को उनकी प्रतिभा और उपलब्धियों के अनुरूप बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सरकार का उद्देश्य ऐसा वातावरण तैयार करना है, जहां खिलाड़ियों को अपनी क्षमता का सर्वोत्तम प्रदर्शन करने के लिए आवश्यक प्रोत्साहन, संसाधन और सम्मान मिल सके। उन्होंने कहा कि उत्कृष्ट खिलाड़ियों को शासकीय सेवा में अवसर देने का निर्णय युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करेगा तथा प्रदेश में खेल संस्कृति को नई ऊर्जा मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि राज्य के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाते रहेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व, आत्मविश्वास और राष्ट्र निर्माण की भावना विकसित करने का सशक्त आधार भी हैं।
मुलाकात के दौरान एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने प्रदेश में खेल अधोसंरचना के विकास और खिलाड़ियों के हित में राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की भी सराहना की।






