रायगढ़: छत्तीसगढ़ में रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ वन मंडल में शनिवार को जंगली हाथियों के दो अलग-अलग हमलों में एक महिला और एक ग्रामीण की मौत हो गई।
वन विभाग के अनुसार पहली घटना कापू वन परिक्षेत्र के तालगांव बस्ती में आज सुबह लगभग चार बजे हुई, जब एक जंगली हाथी बस्ती में घुस आया। हाथी को देखकर ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान एक महिला अपनी दुधमुंही बच्ची को लेकर घर से बाहर निकल रही थी, तभी हाथी ने उस पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला को कापू अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। बच्ची सुरक्षित है।
घटना के बाद हाथी ने वन विभाग के एक वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और हाथी की निगरानी के साथ ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम शुरू किए। दूसरी घटना छाल वन परिक्षेत्र के औरानारा गांव के पास हुई, जहां हाथी के हमले में बंधन अगरिया नामक ग्रामीण की मौके पर ही मौत हो गई। बताया गया कि हाथी को देखकर ग्रामीण भागने लगे, लेकिन हाथी ने पीछा कर उस पर हमला कर दिया।
दोनों घटनाओं के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। आसपास के गांवों में मुनादी कर लोगों को सतर्क रहने तथा हाथियों की गतिविधियों से दूर रहने की सलाह दी जा रही है। लगातार बढ़ रहे हाथी-मानव संघर्ष से क्षेत्र के ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल है।







