Home राष्ट्रीय ED की कार्रवाई पर सियासत तेज: अशोक मित्तल के घर छापे के...

ED की कार्रवाई पर सियासत तेज: अशोक मित्तल के घर छापे के बाद भगवंत मान का हमला

180
0
ED की कार्रवाई पर सियासत तेज: अशोक मित्तल के घर छापे के बाद भगवंत मान का हमला

नई दिल्ली, पंजाब से राज्यसभा सांसद अशोक कुमार मित्तल के घर और उनसे जुड़े संस्थानों पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बुधवार सुबह छापेमारी की। यह कार्रवाई जालंधर और फगवाड़ा समेत कई ठिकानों पर एक साथ की गई, जिससे राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 9 बजे दिल्ली से आई ईडी टीमों ने मित्तल के आवास, शैक्षणिक संस्थानों और कारोबारी प्रतिष्ठानों को घेर लिया। इस दौरान दस्तावेजों और वित्तीय लेन-देन की गहन जांच की जा रही है। ईडी की टीमें लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी समेत लवली ग्रुप से जुड़े अन्य प्रतिष्ठानों तक भी पहुंचीं। जांच के दायरे में लवली ऑटोज, लवली स्वीट्स और डिस्टेंस एजुकेशन सेंटर सहित कई संस्थान शामिल हैं। मित्तल परिवार से जुड़े आवासीय और व्यावसायिक परिसरों की भी तलाशी ली जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, यह कार्रवाई विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (FEMA) के कथित उल्लंघन से जुड़े मामले में की जा रही है। जांच एजेंसियां विशेष रूप से विदेशी फंडिंग और वित्तीय लेन-देन से संबंधित दस्तावेजों की पड़ताल कर रही हैं।

गौरतलब है कि हाल ही में आम आदमी पार्टी ने राघव चड्ढा की जगह अशोक मित्तल को राज्यसभा में उपनेता की जिम्मेदारी सौंपी थी। इसके कुछ ही दिनों बाद हुई यह कार्रवाई राजनीतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इस कार्रवाई पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इसे “टिपिकल मोदी स्टाइल” बताते हुए भाजपा पर निशाना साधा। वहीं, आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भी कहा कि यह कार्रवाई चुनावी तैयारी का हिस्सा है और जनता इसका जवाब देगी। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अमन अरोड़ा ने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाया। दूसरी ओर, पंजाब भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने आम आदमी पार्टी पर पलटवार करते हुए कहा कि भ्रष्टाचार के मामले सामने आ रहे हैं और यदि राज्य सरकार कार्रवाई नहीं करती, तो केंद्र को हस्तक्षेप करना पड़ता है। फिलहाल ईडी की कार्रवाई जारी है और जांच के नतीजों के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ हो सकेगी।

GNSU Admission Open 2026