शिमला/रिकांगपिओ,। हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले के रिकांगपिओ में आयोजित राज्यस्तरीय हिमाचल दिवस समारोह में मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कई अहम घोषणाएं कीं। इस दौरान उन्होंने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली और प्रदेशवासियों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। महिला सशक्तीकरण की दिशा में कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री ने ऐलान किया कि किन्नौर जिले की 21 वर्ष से अधिक आयु की सभी पात्र महिलाओं को हर महीने 1500 रुपये दिए जाएंगे। इस योजना से जनजातीय क्षेत्र की महिलाओं को आर्थिक मजबूती मिलने की उम्मीद है। सरकार ने एक जनवरी से 31 दिसंबर 2022 के बीच सेवानिवृत्त हुए वर्ग-4 कर्मचारियों के लंबित ग्रेच्युटी और लीव इनकैशमेंट का भुगतान मई माह में करने की घोषणा की है। लंबे समय से अपने बकाया का इंतजार कर रहे कर्मचारियों के लिए यह राहत भरी खबर मानी जा रही है।
इसके साथ ही क्लास-1 और क्लास-2 अधिकारियों के वेतन स्थगन (डिफर) के आदेश को भी वापस ले लिया गया है, जिससे प्रशासनिक वर्ग में संतोष का माहौल है। मुख्यमंत्री ने शिक्षा क्षेत्र में समानता लाने की दिशा में बड़ा संकेत देते हुए कहा कि प्रदेश के सभी स्कूलों में छात्रों से एक समान फीस ली जाएगी। सरकार का उद्देश्य पारदर्शिता और समान अवसर सुनिश्चित करना है। पुलिस विभाग के लिए भी महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा गया कि उत्कृष्ट और ईमानदार सेवा देने वाले पुलिसकर्मियों को सेवानिवृत्ति के समय एक अतिरिक्त रैंक प्रदान किया जाएगा। इसे पुलिस बल का मनोबल बढ़ाने वाला कदम माना जा रहा है।कुल मिलाकर, हिमाचल दिवस के मौके पर की गई इन घोषणाओं को सरकार की जनहित और कल्याणकारी नीतियों के रूप में देखा जा रहा है।







