धौलपुर जेल में बंदियों के बीच झड़प, जेलर पर हमले की कोशिश; प्रहरी घायल
Clash among inmates at Dholpur jail; attempt to attack the jailer; a guard injured.

भरतपुर। राजस्थान के धौलपुर जिला कारागृह में बंदियों के बीच विवाद के दौरान एक जेल प्रहरी घायल हो गया। घटना खाना वितरण के समय हुई, जब वार्ड नंबर 10 में बंदियों के बीच झगड़ा शुरू हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान कुख्यात बंदी अजीत उर्फ बनिया ने जेलर पर भी हमला करने का प्रयास किया। जेल प्रहरियों ने बीच-बचाव कर स्थिति को संभाला।

जेल सूत्रों के अनुसार, गुरुवार शाम वार्ड नंबर 10 में बंदियों को खाना बांटा जा रहा था। इसी दौरान अजीत उर्फ बनिया का अन्य बंदियों से विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी बढ़ गई और स्थिति तनावपूर्ण हो गई। मौके पर मौजूद जेल प्रहरी विवाद शांत कराने के लिए पहुंचे। उन्होंने आरोपी को पकड़कर जेलर के पास ले जाने की कोशिश की, लेकिन आरोप है कि इस दौरान उसने जेलर पर भी हमला कर दिया। घटना में एक जेल प्रहरी घायल हो गया।

GNSU Admission Open 2026

मामले को लेकर जेल प्रहरी नरेश ने देर रात कोतवाली थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद जेल प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था और बंदियों के बीच अनुशासन बनाए रखने को लेकर भी सवाल उठे हैं।

जेल सूत्रों के मुताबिक, अजीत उर्फ बनिया के खिलाफ मध्यप्रदेश के मुरैना जिले और राजस्थान के धौलपुर जिले के विभिन्न थानों में लूट, मारपीट और राजकार्य में बाधा डालने समेत करीब 21 मामले दर्ज हैं। वह कई आपराधिक मामलों में आरोपी रहा है।

अजीत का नाम इससे पहले भी पुलिस अभिरक्षा से फरार होने के मामले में सामने आया था। जानकारी के अनुसार, 31 अगस्त 2023 को मुरैना में पेशी से लौटते समय वह पुलिसकर्मियों को धक्का देकर चलती ट्रेन से कूद गया था। इसके बाद वह चंबल के बीहड़ क्षेत्र में जाकर छिप गया था। इस घटना के बाद संबंधित मामले में कई पुलिसकर्मियों को निलंबित भी किया गया था।

सूत्रों के अनुसार, मध्यप्रदेश के डकैती प्रभावित क्षेत्र न्यायालय ने 26 मार्च 2026 को एक मामले में अजीत को सजा सुनाई थी। वह धौलपुर जिला कारागृह में सजा काट रहा है।

फिलहाल, जेल में हुई झड़प और जेलर पर कथित हमले के मामले में पुलिस की जांच जारी है। प्राथमिकी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।