हैदराबाद: भारतीय सेना तेलंगाना के सभी 33 जिलों के अग्निवीर अभ्यर्थियों के लिए भर्ती रैली आयोजित करने जा रही है। यह रैली रंगारेड्डी जिले के गाचीबावली स्थित जीएमसी बालयोगी एथलेटिक स्टेडियम में आयोजित होगी। इसमें अग्निवीर की विभिन्न श्रेणियों के लिए अभ्यर्थियों की स्क्रीनिंग और चयन प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
रक्षा विभाग की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, भर्ती रैली में अग्निवीर जनरल ड्यूटी, अग्निवीर टेक्निकल, अग्निवीर ट्रेड्समैन (10वीं पास) और अग्निवीर ट्रेड्समैन (आठवीं पास) श्रेणियों के उम्मीदवार हिस्सा लेंगे। रैली के माध्यम से इन पदों के लिए निर्धारित पात्रता रखने वाले अभ्यर्थियों की जांच की जाएगी।
सेना की ओर से भर्ती रैली के लिए प्रवेश पत्र प्राप्त कर चुके उम्मीदवारों को सभी जरूरी तैयारियों के साथ निर्धारित स्थल पर पहुंचने की सलाह दी गई है। अभ्यर्थियों को भर्ती वर्ष 2027 की आधिकारिक अधिसूचना में बताए गए सभी आवश्यक मूल दस्तावेज अपने साथ लाने होंगे। दस्तावेजों की कमी या निर्धारित शर्तों का पालन नहीं करने पर उम्मीदवारों को परेशानी हो सकती है।
भर्ती से संबंधित पात्रता, आवश्यक दस्तावेज और अन्य महत्वपूर्ण दिशा-निर्देशों की जानकारी भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे रैली में शामिल होने से पहले आधिकारिक अधिसूचना को ध्यान से पढ़ लें और सभी निर्देशों का पालन करें।
सेना के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह स्वचालित, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संचालित की जाती है। इसमें किसी एजेंट, दलाल या निजी एजेंसी की कोई भूमिका नहीं है। अधिकारियों ने उम्मीदवारों और उनके परिजनों को ऐसे धोखेबाज लोगों से सतर्क रहने की अपील की है, जो पैसे लेकर चयन या सेना में नामांकन कराने का झूठा दावा करते हैं।
भर्ती से जुड़ी किसी भी जानकारी या सहायता के लिए अभ्यर्थी सेना भर्ती कार्यालय, सिकंदराबाद के फोन नंबर 040-27740059 पर संपर्क कर सकते हैं। सेना ने उम्मीदवारों से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक माध्यमों से प्राप्त जानकारी पर भरोसा करें।







