नयी दिल्ली: राष्ट्रीय एकता दिवस और ब्रिक्स सस्टेनेबल लाइफस्टाइल वीक के अवसर पर ‘फिट इंडिया संडेज ऑन साइकिल’ का 97वां संस्करण राजधानी दिल्ली में आयोजित किया गया। ‘वन वीक, सेवन एक्शन्स, वन प्लैनेट’ थीम के तहत तालकटोरा स्टेडियम स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्विमिंग पूल कॉम्प्लेक्स में हुए इस कार्यक्रम में करीब 1,000 फिटनेस प्रेमियों ने हिस्सा लिया। देश के विभिन्न हिस्सों से भी लोगों ने इस पहल में भागीदारी की।
नवंबर की ठंडी सुबह आयोजित इस कार्यक्रम में फिटनेस, खेल, योग, शिक्षा और साइकिलिंग से जुड़े कई प्रेरणादायक लोगों ने शिरकत की। विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए जेलर और जाने-माने बॉडीबिल्डर दीपक शर्मा ने युवाओं की भागीदारी की सराहना की। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में फिटनेस को लेकर दिख रहा उत्साह प्रेरणादायक है। नागरिकों को ऐसे आयोजनों में सक्रिय रूप से हिस्सा लेना चाहिए और व्यायाम को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए।
दीपक शर्मा ने बताया कि दो साल से भी कम समय में देशभर से करीब 37 लाख लोग ‘संडेज ऑन साइकिल’ अभियान से जुड़ चुके हैं। उनके अनुसार, यह आंकड़ा लोगों में स्वास्थ्य और फिटनेस के प्रति बढ़ती जागरूकता को दर्शाता है। उन्होंने ‘फिटनेस की डोज, आधा घंटा रोज’ का संदेश देते हुए नियमित व्यायाम की अपील की।
कार्यक्रम की शुरुआत ‘नशा मुक्त भारत’ की शपथ के साथ हुई। फिट इंडिया एंबेसडर और योग एवं ध्यान कोच पंखुड़ी श्रीवास्तव ने प्रतिभागियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नशामुक्त समाज के निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
आयोजन के दौरान निर्धारित मार्ग पर पांच किलोमीटर की साइकिल राइड निकाली गई। इसके अलावा सभी आयु वर्ग के लोगों के लिए योग, हल्के जुंबा सत्र और मनोरंजक गतिविधियां आयोजित की गईं। परिसर में योग कॉर्नर, फोटो बूथ, ‘फिटस्पायर’ स्टॉल, राहगीरी फाउंडेशन का गेम जोन और रिक्रिएशन जोन भी बनाया गया था।
कार्यक्रम में नवयोग समुदाय, नमो क्लब और साइकिलिंग एडवाइजरी कमिटी के प्रतिनिधियों ने भी हिस्सा लिया। आयोजन का उद्देश्य लोगों को नियमित शारीरिक गतिविधियों के प्रति जागरूक करना और स्वस्थ एवं टिकाऊ जीवनशैली को बढ़ावा देना रहा।







