नलगोंडा: तेलंगाना में नलगोंडा जिले के नारकेटपल्ली मंडल में चेर्वुगट्टू पहाड़ी की तलहटी में शनिवार देर रात भीषण आग लग जाने से श्री पार्वती जडाला रामलिंगेश्वर स्वामी मंदिर के पास स्थित 17 दुकानें और 15 ठेले जलकर खाक हो गये।
पुलिस के अनुसार आग मंदिर की पहाड़ी के तलहटी में स्थित एक खिलौने की दुकान से शुरू हुई और तेज़ी से आस-पास की दुकानों तक फैल गई। बताया जा रहा है कि घटना के दौरान गैस के दो सिलेंडर फटने से आग और भड़क गई। आग की चपेट में ग्राम पंचायत कार्यालय भी आ गया, जिससे वहां रखे कई सरकारी दस्तावेज़ जलकर नष्ट हो गए।
ग्रामीणों से सूचना मिलने पर दमकलकर्मी तीन दमकल वाहनों के साथ मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। अधिकारियों ने लगभग 2.5 करोड़ रुपये संपत्ति के नुकसान का अनुमान लगाया है। आग से किसी के हताहत या घायल होने की खबर नहीं है। आग लगने के सही कारण का अभी पता नहीं चल पाया है।







