
रायपुर: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की स्वतंत्रता दिवस पर तिरंगा फहराते हुए तस्वीर से कथित छेड़छाड़ कर सोशल मीडिया पर प्रसारित करने के मामले में छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के सिविल लाइंस थाने में कांग्रेस आईटी सेल से जुड़े नेता अरुण साहू के खिलाफ बीती देर रात प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस से आज सुबह मिली जानकारी के अनुसार भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता गौरीशंकर श्रीवास ने इस संबंध में सिविल लाइंस थाने में लिखित शिकायत दी थी। शिकायत में कहा गया है कि 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने अपने निवास पर तिरंगा फहराया था। आरोप है कि अरुण साहू ने इससे संबंधित तस्वीर को एडिट कर सोशल मीडिया पर प्रसारित किया, जिससे लोगों के बीच भ्रामक संदेश फैल सके।
शिकायतकर्ता ने पुलिस को संबंधित सोशल मीडिया पोस्ट के स्क्रीनशॉट और अन्य जरूरी दस्तावेज भी उपलब्ध कराए हैं। शिकायत के मुताबिक संबंधित पोस्ट को बाद में सोशल मीडिया से हटा लिया गया, लेकिन इससे पहले वह काफी वायरल हो चुकी थी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अरुण साहू के खिलाफ एफआईआर क्रमांक 0429/2026 दर्ज की है। आरोपी के खिलाफ राष्ट्रीय गौरव अपमान निवारण अधिनियम, 1971 की धारा 2 और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 356 के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
गौरीशंकर श्रीवास ने मामले को राष्ट्रध्वज के सम्मान से जुड़ा गंभीर विषय बताते हुए कहा कि राष्ट्रध्वज देश की अस्मिता और सम्मान का प्रतीक है। सोशल मीडिया पर किसी भी तरह की भ्रामक जानकारी फैलाने या राष्ट्रीय प्रतीकों के साथ छेड़छाड़ करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने बताया कि प्रकरण के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।






