Modi assessed the border situation in a high-level meeting

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के मद्देनजर शनिवार को यहां एक उच्च स्तरीय बैठक में सीमा की मौजूदा स्थिति का जायजा लिया और पाकिस्तान के सैन्य दुस्साहस का जवाब देने की रणनीति पर चर्चा की।

प्रधानमंत्री कार्यालय ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास पर हुई बैठक में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, प्रमुख रक्षा अध्यक्ष जनरल अनिल चौहान, सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी, नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के त्रिपाठी, वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह और वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।

GNSU Admission Open 2026

KATHA CONCERT KOLKATA

प्रधानमंत्री कार्यालय ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, “ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में 7, लोक कल्याण मार्ग पर एक उच्च स्तरीय बैठक हुई। बैठक में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, एनएसए अजीत डोभाल, सीडीएस जनरल अनिल चौहान, सशस्त्र बलों के प्रमुख और वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।”

इस बैठक को इसलिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि पाकिस्तान ने आज सुबह विभिन्न सैन्य और हवाई प्रतिष्ठानों पर हवाई हमले किए, जिन्हें भारतीय रक्षा बलों ने नाकाम कर दिया। भारत ने रावलपिंडी के नूर खान एयरबेस सहित पाकिस्तान के विभिन्न हवाई ठिकानों पर भी हमला किया और सैन्य ठिकानों को भारी नुकसान पहुंचाया। पिछले 24 घंटों में प्रधानमंत्री की रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और तीनों सेनाओं के प्रमुखों के साथ यह दूसरी बैठक है। गौरतलब है कि शुक्रवार को श्री सिंह ने पश्चिमी सीमा पर सुरक्षा स्थिति और भारतीय सशस्त्र बलों की परिचालन तैयारियों की समीक्षा के लिए एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की थी, जिसमें जनरल चौहान, तीनों सेनाओं के प्रमुख और रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह शामिल हुए थे।