जांजगीर-चांपा में आकाशीय बिजली का कहर, तीन की मौत
Lightning wreaks havoc in Janjgir-Champa, three dead

जांजगीर-चांपा: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।

पुलिस के अनुसार, अचानक मौसम बदलने के बाद तेज बारिश शुरू हो गई। इस दौरान बाड़ी में काम कर रहे कुछ लोग बारिश से बचने के लिए एक झोपड़ी में रुक गए। इसी बीच झोपड़ी के पास आकाशीय बिजली गिरने से वहां मौजूद छह लोग उसकी चपेट में आ गए।

GNSU Admission Open 2026

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी प्रभावित लोगों को अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने नरेश खैरवार (24), रामभरोश पटेल (32) और तुलसी राम पटेल (51) को मृत घोषित कर दिया।

हादसे में अंजू पटेल (26), दुलारा बाई पटेल (46) और बैशाखू खैरवार (32) घायल हुए हैं। तीनों का अस्पताल में उपचार चल रहा है।

घटना की जानकारी मिलने पर कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने बलौदा तहसीलदार को गांव भेजकर स्थिति का जायजा लेने के निर्देश दिए। उन्होंने घायलों का समुचित उपचार सुनिश्चित करने तथा मृतकों के परिजनों को मुआवजा और तत्कालिक सहायता राशि उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।