गरियाबंद: छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के छुरा क्षेत्र में खेत में फसल पर दवा का छिड़काव करने गए एक किसान पर भालू ने हमला कर दिया। हमले में किसान गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद एक ग्रामीण ने साहस दिखाते हुए भालू को जंगल की ओर खदेड़कर किसान की जान बचाई।
वन विभाग के अनुसार, रसेला क्षेत्र निवासी 65 वर्षीय लक्षन यादव सुबह अपने खेत में फसल पर दवा का छिड़काव करने गए थे। इसी दौरान जंगल की ओर से अचानक आए भालू ने उन पर हमला कर दिया। हमले में उनके चेहरे, आंख और नाक के आसपास गंभीर चोटें आईं।
घटना के समय लक्षन यादव के साथ आजूराम ठाकुर भी मौजूद थे। भालू को किसान पर हमला करते देख आजूराम ने उसका सामना किया और उसे जंगल की ओर खदेड़ दिया। इसके बाद घायल किसान को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया।
प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने लक्षन यादव की स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर कर दिया।
रसेला क्षेत्र जंगल से सटा होने के कारण ग्रामीण खेती-किसानी के लिए नियमित रूप से आसपास के खेतों में जाते हैं। घटना के बाद इलाके में भालू की मौजूदगी को लेकर ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है। वन विभाग की ओर से घटना के बाद की कार्रवाई और घायल किसान को मिलने वाली सहायता के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।







