पटना: बिहार विधान परिषद के आगामी स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के चुनाव के लिए जन सुराज ने पांच प्रत्याशियों के नाम घोषित कर दिए हैं। पार्टी ने दरभंगा शिक्षक, दरभंगा स्नातक, सारण शिक्षक, पटना शिक्षक और कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए उम्मीदवारों का ऐलान किया है।
जन सुराज ने दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से एसपी राय, दरभंगा स्नातक से रविंद्र यादव, सारण शिक्षक से आफाक अहमद, पटना शिक्षक से दिव्या ज्योति और कोसी स्नातक से रजनीश रंजन को प्रत्याशी बनाया है।
बिहार विधान परिषद की कुल आठ सीटों पर चुनाव होना है, जिनमें चार शिक्षक और चार स्नातक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं। इन सीटों पर मौजूदा सदस्यों का कार्यकाल 16 नवंबर को समाप्त हो रहा है। निर्वाचन कार्यक्रम की औपचारिक घोषणा अभी निर्वाचन आयोग की ओर से की जानी है।
इससे पहले राजद ने छह सीटों के लिए अपने प्रत्याशियों की घोषणा की थी। पार्टी ने पटना शिक्षक से डॉ. संजीव कुमार सिंह, पटना स्नातक से दिलीप कुमार, कोसी स्नातक से नितेश कुमार, दरभंगा स्नातक से अनिल कुमार झा, सारण शिक्षक से प्रो. जयराम यादव और तिरहुत स्नातक से डॉ. रश्मि विनायक गौतम को उम्मीदवार बनाया है।
शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में विधानसभा चुनाव से अलग मतदाता होते हैं। शिक्षक सीटों पर पात्र शिक्षक तथा स्नातक सीटों पर निर्धारित योग्यता रखने वाले पंजीकृत स्नातक मतदान करते हैं।







