भभुआ। बिहार के कैमूर जिले में दुर्गावती थाना क्षेत्र की पुलिस ने एक गोदाम में छापेमारी कर 27.865 किलोग्राम गांजा जैसा मादक पदार्थ बरामद किया है। पुलिस ने मौके से एक व्यक्ति को गिरफ्तार भी किया है।
पुलिस के अनुसार, भेड़िया गांव स्थित प्रकाश इंडस्ट्रीज के पाइप गोदाम में मादक पदार्थ रखकर बिक्री किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना का सत्यापन करने के बाद थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गोदाम में छापेमारी की।
तलाशी के दौरान गोदाम से 27.865 किलोग्राम गांजा जैसा पदार्थ और एक चार पहिया वाहन बरामद किया गया। पुलिस ने मौके से धनेछा गांव निवासी प्रकाश तिवारी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ और वाहन को जब्त कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की जांच जारी है।







