Lightning kills an innocent child, injures six members of a family in Jashpur

जशपुर: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के सन्ना क्षेत्र के कप्तुरापाठ गांव में सोमवार रात आकाशीय बिजली गिरने से 12 वर्षीय एक बालक की मौत हो गयी, जबकि एक ही परिवार के छह सदस्य घायल हो गये।


पुलिस से मंगलवार को मिली जानकारी के अनुसार घटना सोमवार रात करीब आठ बजे की है। उस समय परिवार के सभी सदस्य घर के भीतर मौजूद थे। अचानक आकाशीय बिजली गिरने से सभी इसकी चपेट में आ गये। हादसे में 12 वर्षीय प्रमोद राम की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि परिवार के छह अन्य सदस्य घायल हो गये।

GNSU Admission Open 2026

KATHA CONCERT KOLKATA


घटना के बाद ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सन्ना पहुंचाया गया। घायलों में मृतक की मां बंधनी बाई भी शामिल हैं, जिन्हें अचेत अवस्था में अस्पताल लाया गया था। चिकित्सकों के उपचार के बाद उनकी हालत में सुधार बताया गया है।


अस्पताल प्रबंधन के अनुसार सभी घायलों की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर है और उनका उपचार जारी है।


सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सन्ना के चिकित्सक डॉ. नितीश सोनवानी ने बताया कि बरसात के मौसम में आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं बढ़ जाती हैं। उन्होंने लोगों से खराब मौसम, तेज गर्जना और बिजली चमकने के दौरान घर अथवा सुरक्षित स्थान पर रहने तथा मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों का पालन करने की अपील की।
पुलिस ने मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।