इजरायल के अघोषित दौरे पर पहुंचे अमेरिकी रक्षा मंत्री, नेतन्याहू से मुलाकात
US Defense Secretary arrives in Israel on an unannounced visit; meets with Netanyahu

वाशिंगटन/तेल अवीव: अमेरिका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने इजरायल के अघोषित दौरे के दौरान प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से मुलाकात की। यह मुलाकात ऐसे समय हुई है, जब अमेरिका और इजरायल के बीच ईरान के खिलाफ संभावित सैन्य अभियान दोबारा शुरू करने को लेकर चर्चा की खबरें सामने आ रही हैं। हालांकि, बैठक के एजेंडे और उसमें शामिल अन्य अधिकारियों के बारे में आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।

समाचार वेबसाइट एक्सियोस की रिपोर्ट के अनुसार, मामले से परिचित सूत्रों ने बताया कि हेगसेथ और नेतन्याहू की मुलाकात दक्षिणी इजरायल स्थित ओवदा एयर बेस पर हुई। इस सैन्य अड्डे पर अमेरिकी विमानों में ईंधन भरने वाले विमान और लड़ाकू विमान तैनात हैं। एक अन्य सूत्र ने बताया कि अमेरिकी रक्षा मंत्री ने वहां तैनात अमेरिकी सैनिकों से भी मुलाकात की।

GNSU Admission Open 2026

हेगसेथ का यह दौरा इजरायल में 27 अक्टूबर को होने वाले नेसेट चुनाव से आठ दिन पहले हुआ। यह यात्रा अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा नेतन्याहू की दोबारा चुनाव जीतने की दावेदारी का सार्वजनिक समर्थन किए जाने के एक दिन बाद भी हुई। ऐसे में इस दौरे को क्षेत्रीय सुरक्षा और अमेरिका-इजरायल संबंधों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

अमेरिकी रक्षा मंत्री ने बाद में सोशल मीडिया मंच एक्स पर अमेरिकी केंद्रीय कमान (सेंटकॉम) के अधीन तैनात सैनिकों से मुलाकात की पुष्टि की। उन्होंने लिखा कि सैनिकों से मिलना उनके लिए सम्मान की बात है। उन्होंने सैनिकों को देश के सर्वश्रेष्ठ लोगों में शामिल बताते हुए कहा कि वे एक ऐतिहासिक अभियान में जुटे हैं और उन्हें सफलता मिले।

हालांकि, हेगसेथ ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में यात्रा के स्थान का खुलासा नहीं किया। अमेरिकी रक्षा मंत्रालय और वाशिंगटन स्थित इजरायली दूतावास ने कथित मुलाकात पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। वहीं, नेतन्याहू के कार्यालय की ओर से भी तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई।

बैठक में इजरायल के अन्य अधिकारी या सैन्यकर्मी शामिल हुए थे या नहीं, इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है। इसी तरह, ईरान को लेकर किसी नए सैन्य फैसले पर सहमति बनी या नहीं, इस संबंध में भी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।