एशियन पैरा गेम्स में भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन, मोहन यादव ने दी बधाई
Impressive performance by Indian athletes at the Asian Para Games; Mohan Yadav extends congratulations

भोपाल: मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने एशियन पैरा गेम्स-2026 में पदक जीतने वाले भारतीय खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके प्रदर्शन की सराहना की है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत, लगन और दृढ़ इच्छाशक्ति से अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का गौरव बढ़ाया है। उनकी उपलब्धियां देश के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

मुख्यमंत्री ने पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल एसएच-1 स्पर्धा में रजत पदक जीतने वाले मनीष नरवाल और पैरा पावरलिफ्टिंग के 65 किलोग्राम वर्ग में रजत पदक हासिल करने वाले अशोक जी को शुभकामनाएं दीं। इसके साथ ही पुरुषों की जैवलिन थ्रो एफ53/54 स्पर्धा में रजत पदक जीतने वाले प्रदीप कुमार और कांस्य पदक हासिल करने वाले आयुष वर्मा के प्रदर्शन की भी सराहना की।

GNSU Admission Open 2026

महिला खिलाड़ियों ने भी प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए देश को गौरवान्वित किया। महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल एसएच-1 स्पर्धा में सृष्टि अरोरा ने कांस्य पदक जीता। वहीं, पैरा टेबल टेनिस की विभिन्न वर्गों की एकल स्पर्धाओं में प्राची पांडे, बेबी सहाना रवि, सोनलबैन पटेल और भाविना पटेल ने कांस्य पदक हासिल किए।

पुरुषों की पैरा टेबल टेनिस एकल क्लास-1 स्पर्धा में जेहान दोराब जी ने कांस्य पदक अपने नाम किया। इसके अलावा शॉट पुट एफ11 स्पर्धा में प्रवीण शर्मा और 100 मीटर फ्रीस्टाइल एस11 तैराकी में हिमांशु नंडल ने कांस्य पदक जीतकर भारतीय दल की उपलब्धियों में योगदान दिया।

डॉ. मोहन यादव ने कहा कि खिलाड़ियों का अटूट हौसला, जुनून और कठिन परिश्रम यह संदेश देता है कि दृढ़ संकल्प के साथ किसी भी चुनौती का सामना किया जा सकता है। खिलाड़ियों की सफलता युवाओं को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने और कठिन परिस्थितियों में भी आगे बढ़ते रहने की प्रेरणा देती है।

मुख्यमंत्री ने सभी पदक विजेताओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि भारतीय खिलाड़ी आने वाले समय में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे और देश का नाम रोशन करेंगे।