मेक्सिको सिटी: कैरिबियाई देश सेंट विंसेंट और ग्रेनाडाइन्स के ग्रीन हिल इलाके में अंधाधुंध गोलीबारी में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। स्थानीय समाचार पत्र सेंट विंसेंट टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, हमलावर एक वाहन में सवार होकर पहुंचे और वहां मौजूद लोगों के समूह पर गोलियां चला दीं।
रिपोर्ट के मुताबिक, यह घटना शुक्रवार रात और शनिवार सुबह के बीच हुई। मृतकों में तीन पुरुष और एक महिला शामिल हैं। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यह घटना सेंट विंसेंट और ग्रेनाडाइन्स के इतिहास में दूसरी सबसे घातक सामूहिक गोलीबारी बताई जा रही है। इससे पहले जुलाई 2023 में राजधानी किंग्सटाउन के हार्बर क्लब इलाके में हुई गोलीबारी में पांच लोगों की मौत हो गई थी।
ग्रीन हिल में हुई इस घटना से लगभग दो महीने पहले किंग्सटाउन में एक अन्य सशस्त्र हमले में तीन लोगों की जान गई थी।
देश में हत्याओं की बढ़ती घटनाओं ने सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। रिपोर्ट के अनुसार, वर्ष 2026 की शुरुआत से अब तक देश में 39 हत्याएं दर्ज की गई हैं। लगभग 1.10 लाख की आबादी वाले इस देश में यह संख्या पिछले पूरे वर्ष दर्ज की गई 40 हत्याओं के करीब पहुंच गई है।
स्थानीय निवासियों ने घटना के पीछे गिरोहों की गतिविधियों की आशंका जताई है। हालांकि, कानून प्रवर्तन अधिकारियों ने इस संबंध में अभी कोई पुष्टि नहीं की है। अधिकारियों ने घटना के प्रत्यक्षदर्शियों से जांच में सहयोग करने और जानकारी उपलब्ध कराने की अपील की है।







