आइची-नागोया (जापान): एशियाई खेलों के आठवें दिन रविवार को भारतीय खिलाड़ियों ने तीरंदाजी और सर्फिंग में शानदार प्रदर्शन किया। भारत की रिकर्व और कंपाउंड मिश्रित टीमें क्वार्टर फाइनल में जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में पहुंच गईं। वहीं, कंपाउंड पुरुष और महिला टीमों ने भी अंतिम चार में जगह बनाई।
तीरंदाजी के रिकर्व मिश्रित टीम क्वार्टर फाइनल में धीरज बोम्मादेवरा और कुमकुम मोहोद ने वियतनाम को 6-0 से हराया। कंपाउंड मिश्रित टीम में चिकीथा तनिपार्थी और साहिल जाधव ने कजाकिस्तान को 159-154 से मात दी।
कंपाउंड महिला टीम ने मंगोलिया और कजाकिस्तान को हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। पुरुष टीम ने यूएई और भूटान को शिकस्त देकर अंतिम चार में जगह बनाई। दोनों टीमें सेमीफाइनल में दक्षिण कोरिया का सामना करेंगी।
एथलेटिक्स में तेजस्विन शंकर डेकाथलॉन में छह स्पर्धाओं के बाद 5,270 अंकों के साथ शीर्ष पर हैं। वहीं, मंजू रानी महिलाओं की मैराथन रेस वॉक में छठे स्थान पर रहीं।
सर्फिंग में शिवराज बाबू ने पुरुषों के शॉर्टबोर्ड राउंड-3 में प्रवेश किया। महिलाओं में कमाली प्रकाश और शुगर शांति गायेन ने भी अपने-अपने मुकाबले जीतकर अगले दौर में जगह बनाई। इसके साथ ही पुरुष और महिला शॉर्टबोर्ड स्पर्धाओं में भारत के सभी चार खिलाड़ी राउंड-3 में पहुंच गए।
बैडमिंटन में ट्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद महिला युगल क्वार्टर फाइनल में मलेशियाई जोड़ी से हारकर बाहर हो गईं। मिश्रित युगल में तनीषा क्रास्टो और ध्रुव कपिला को चीन की शीर्ष जोड़ी ने हराया।
सेपकटकरा महिला युगल में भारत को दक्षिण कोरिया के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा।







