होर्मुज़ जलडमरूमध्य पर अमेरिका के अंतिम जवाब का इंतजार: अराघची
Awaiting America's final response regarding the Strait of Hormuz: Araghchi

तेहरान: ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा है कि उनका देश होर्मुज़ जलडमरूमध्य को फिर से खोलने से जुड़े प्रस्तावों पर अमेरिका के अंतिम रुख का इंतजार कर रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सार्वजनिक प्रतिक्रिया के बावजूद तेहरान को मध्यस्थों के माध्यम से वाशिंगटन का आधिकारिक जवाब नहीं मिला है।

ईरानी मीडिया के साथ बातचीत में अराघची ने कहा कि ईरान ने होर्मुज़ जलडमरूमध्य को फिर से खोलने के लिए सात दिन की योजना अमेरिका को मध्यस्थों के जरिए भेजी थी। ट्रंप ने सार्वजनिक रूप से इस प्रस्ताव को खारिज कर दिया था।

GNSU Admission Open 2026

अराघची ने कहा कि ईरान ने अमेरिकी राष्ट्रपति की शुरुआती प्रतिक्रिया देखी है, लेकिन मध्यस्थों के माध्यम से अभी तक कोई आधिकारिक सूचना प्राप्त नहीं हुई है। उन्होंने ट्रंप के बयानों को विरोधाभासी बताते हुए कहा कि तेहरान अंतिम रुख मिलने के बाद ही आगे की रणनीति तय करेगा।

ईरानी विदेश मंत्री के अनुसार, होर्मुज़ जलडमरूमध्य को खोलने की दिशा में किसी भी प्रगति के लिए अमेरिका को ईरान की शर्तें पूरी करनी होंगी।

इससे पहले अमेरिका और ईरान ने शांति समझौते की प्रक्रिया शुरू करने के उद्देश्य से एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए थे। हालांकि, कुछ सप्ताह बाद दोनों देशों के बीच तनाव फिर बढ़ गया।

वाशिंगटन ने तेहरान पर होर्मुज़ जलडमरूमध्य में वाणिज्यिक जहाजों पर गोलीबारी करने का आरोप लगाया था। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच हमलों का सिलसिला शुरू हो गया। फिलहाल, इस रणनीतिक जलमार्ग से जहाजों की आवाजाही बंद है।