Home मनोरंजन Sunny Deol: दोनों बेटों के साथ पीरियड फिल्म में नजर आएंगे सनी...

Sunny Deol: दोनों बेटों के साथ पीरियड फिल्म में नजर आएंगे सनी देओल, निभाना चाहते हैं महान सम्राट का किरदार

8
0
Sunny Deol: Sunny Deol will be seen in a period film with both his sons, wants to play the role of a great emperor.

एंटरटेनमेंट डेस्क: अभिनेता सनी देओल इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘बंटवारा 1947’ के प्रमोशन में जुटे हुए हैं। पटना में फिल्म के प्रमोशनल इवेंट के दौरान उन्होंने अपने ड्रीम प्रोजेक्ट को लेकर दिलचस्प खुलासा किया। सनी देओल ने बताया कि वह ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर एक बड़े स्तर की फिल्म बनाना चाहते हैं और इसमें अपने दोनों बेटों को भी शामिल करने की इच्छा रखते हैं।

सम्राट अशोक की भूमिका निभाना चाहते हैं सनी

इवेंट के दौरान जब सनी देओल से पूछा गया कि वह भविष्य में किस तरह का किरदार निभाना चाहते हैं, तो उन्होंने सम्राट अशोक का नाम लिया। अभिनेता ने बताया कि अशोक की कहानी उनके दिल के काफी करीब है।

GNSU Admission Open 2026

सनी के मुताबिक, निर्देशक राजकुमार संतोषी उन्हें इस कहानी के बारे में बता चुके हैं। वहीं, निर्देशक चंद्रप्रकाश द्विवेदी भी उन्हें इस प्रोजेक्ट का नरेशन दे चुके हैं। सनी ने कहा कि सम्राट अशोक का इतिहास बेहद विशाल है और वह इसे बड़े पर्दे पर भव्य तरीके से पेश करना चाहते हैं।

दोनों बेटों को फिल्म में शामिल करने की इच्छा

सनी देओल ने यह भी बताया कि अगर यह प्रोजेक्ट बनता है तो वह अपने दोनों बेटों को भी इसमें शामिल करना चाहेंगे। अभिनेता का मानना है कि इतनी बड़ी ऐतिहासिक कहानी में परिवार के साथ काम करने का मौका खास अनुभव होगा।

हालांकि, सनी ने माना कि इस तरह की पीरियड फिल्म के लिए बड़े बजट की जरूरत होगी। उन्होंने कहा कि पहले उन्हें इस स्तर की फिल्म बनाने का मौका नहीं मिला, लेकिन ‘गदर 2’ की सफलता के बाद हालात बेहतर हुए हैं और उन्हें भविष्य में ऐसे प्रोजेक्ट पर काम करने की उम्मीद है।

पहले भी पर्दे पर दिख चुकी है अशोक की कहानी

सम्राट अशोक की कहानी बॉलीवुड में पहले भी दिखाई जा चुकी है। साल 2001 में रिलीज हुई ‘अशोका’ में शाहरुख खान ने सम्राट अशोक की भूमिका निभाई थी। वहीं, 1992 की फिल्म ‘सम्राट अशोक’ में एन.टी. रामा राव ने अशोक और चाणक्य की भूमिकाएं निभाई थीं।

अगर सनी देओल का यह ड्रीम प्रोजेक्ट आगे बढ़ता है, तो भारतीय सिनेमा में सम्राट अशोक की कहानी को एक बार फिर बड़े और भव्य अंदाज में देखने का मौका मिल सकता है।

14 अगस्त को रिलीज होगी ‘बंटवारा 1947’

सनी देओल की फिल्म ‘बंटवारा 1947’ भारत-पाकिस्तान विभाजन की पृष्ठभूमि पर आधारित है। फिल्म में बंटवारे के दौरान लोगों के दर्द, संघर्ष और मानवीय भावनाओं को दिखाया गया है।

फिल्म में सनी देओल के साथ शबाना आजमी, प्रीति जिंटा, अली फजल और करण देओल अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन राजकुमार संतोषी ने किया है और यह 14 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।