मुंबई: अभिनेत्री करीना कपूर खान के एक हालिया वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद उनकी प्रेग्नेंसी को लेकर अटकलें तेज हो गईं। वीडियो में करीना जिम से बाहर निकलकर अपनी कार की ओर जाती दिखाई दीं। उनके लुक को देखकर कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने उनके तीसरे बच्चे को लेकर कयास लगाने शुरू कर दिए। हालांकि, करीना कपूर की ओर से ऐसी किसी खबर की पुष्टि नहीं की गई है।
इसी बीच सैफ अली खान की बहन और करीना की ननद सबा अली खान ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर लोगों से किसी की निजी जिंदगी को लेकर बेवजह अनुमान नहीं लगाने की अपील की है।
सबा ने करीना की जिम से निकलते हुए एक तस्वीर साझा की और कहा कि किसी व्यक्ति का किसी खास एंगल से दिखाई देना या बालों का ठीक से सेट न होना किसी बड़ी खबर का संकेत नहीं होता। उन्होंने कहा कि करीना एयरपोर्ट पर भी फिट और स्टाइलिश नजर आई थीं और अब जिम से बाहर आती दिख रही हैं। इसे लेकर अलग-अलग मतलब निकालने की जरूरत नहीं है।
सबा ने अपने पोस्ट में अपनी बहन सोहा अली खान का भी जिक्र किया। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि वह काफी समय से सोहा को दूसरा बच्चा करने के लिए मनाने की कोशिश कर रही हैं, लेकिन उनकी बात नहीं बनी। सबा ने लिखा कि काश यह बात सच होती, हालांकि ऐसा कहने पर सोहा उन्हें नाराज हो सकती हैं।

सबा ने लोगों से अपील की कि हर व्यक्ति को अपनी जिंदगी अपने तरीके से जीने की आजादी दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि कुछ बातें निजी रहने देना ही बेहतर है और बिना पुष्टि के किसी की निजी जिंदगी को लेकर अटकलें नहीं लगानी चाहिए।
करीना कपूर और सैफ अली खान ने अक्टूबर 2012 में शादी की थी। दोनों के दो बेटे हैं। तैमूर अली खान का जन्म 2016 में हुआ, जबकि उनके छोटे बेटे जहांगीर अली खान यानी जेह का जन्म 2021 में हुआ था।







