एंटरटेनमेंट डेस्क: फिल्म ‘वाराणसी’ की शूटिंग अफ्रीका की खूबसूरत लोकेशन्स- किलिमंजारो और मसाई मारा में हुई है। तस्वीरों में महेश कभी विशाल नजारों को देखते नजर आते हैं, तो कभी शांत अंदाज में आराम करते दिखते हैं। बैकग्राउंड में अफ्रीका की वाइल्ड लाइफ और प्रकृति इस फिल्म को और भी ग्रैंड बना रही है।
इन तस्वीरों में महेश बाबू एकदम बड़े और दमदार हीरो के अंदाज में नजर आ रहे हैं। उनका लुक स्टाइलिश होने के साथ-साथ थोड़ा गंभीर और रहस्यमयी भी दिख रहा है। साफ है कि डायरेक्टर एसएस राजामौली इस किरदार को बहुत खास तरीके से पेश करने वाले हैं
रुद्र का किरदार काफी दिलचस्प बताया जा रहा है। वह एक ऐसा इंसान है जिसमें समझदारी, कमजोरी और ताकत- तीनों का मेल है। यानी यह सिर्फ एक एक्शन हीरो नहीं, बल्कि इमोशन्स से भरा किरदार भी होगा।
हालांकि फिल्म की कहानी को अभी पूरी तरह सीक्रेट रखा गया है, लेकिन रिपोर्ट्स के मुताबिक कहानी साल 2027 पर आधारित है। इसमें ‘शाम्भवी’ नाम का एक एस्टेरॉयड वाराणसी की तरफ बढ़ रहा होता है, जो दुनिया के लिए बड़ा खतरा बन जाता है।
महेश बाबू फिल्म में एक आर्कियोलॉजिस्ट का रोल निभा रहे हैं, जिन्हें एक खास मिशन के लिए चुना जाता है। उनके साथ प्रियंका चोपड़ा का किरदार मंदाकिनी भी होगा, जो एक हिस्टोरियन और बेहतरीन शूटर है। दोनों मिलकर एक खतरनाक मिशन पर निकलते हैं।
कहा जा रहा है कि उनकी ये यात्रा अफ्रीका, अंटार्कटिका और यूरोप तक जाएगी, जबकि पृथ्वीराज सुकुमारन फिल्म में विलेन के रोल में नजर आएंगे। हालांकि मेकर्स ने अभी तक इन सभी कहानी के हिस्सों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
एसएस राजामौली के निर्देशन में बन रही ‘वाराणसी’ 7 अप्रैल 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फैंस इस फिल्म का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।







