Aligarh's wanted accused arrested in Gautam Budh Nagar society

ग्रेटर नोएडा: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में दर्ज एक मुकदमे में वांछित चल रहे अभियुक्त को पकड़ने के लिए अलीगढ़ पुलिस की टीम उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्धनगर पहुंची। स्थानीय पुलिस को सूचना देकर संयुक्त रूप से आरोपी की तलाश की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी, जो डिलीवरी बॉय के रूप में भी काम करता है, डिलीवरी देने के लिए पूर्वांचल रॉयल सिटी सोसायटी पहुंचा हुआ है।


बुधवार को पुलिस ने यह जानकारी दी कि पुलिस टीम जैसे ही आरोपी तक पहुंची, उसने पुलिस को देखकर भागने की कोशिश की और गिरफ्तारी से बचने के लिए तेजी से सोसायटी के अंदर की ओर दौड़ पड़ा। अचानक हुई इस घटना से कुछ देर के लिए सोसायटी में हलचल मच गई। हालांकि मौके पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने सूझबूझ और सतर्कता का परिचय देते हुए बिना घबराए स्थिति को संभाला।

GNSU Admission Open 2026

KATHA CONCERT KOLKATA


अलीगढ़ पुलिस ने तत्काल सोसायटी की सुरक्षा टीम से सहयोग मांगा। इसके बाद सुरक्षा गार्डों ने सोसायटी के विभिन्न प्रवेश और निकास मार्गों पर नजर रखते हुए आरोपी की घेराबंदी शुरू कर दी। कुछ ही देर में सुरक्षा कर्मियों ने आरोपी को पकड़ लिया और सुरक्षित रूप से पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपी को कब्जे में लेने के बाद अलीगढ़ पुलिस उसे अपने साथ अग्रिम विधिक कार्रवाई के लिए लेकर रवाना हो गई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी अलीगढ़ में दर्ज मुकदमे में वांछित था और उसकी तलाश लंबे समय से की जा रही थी।


घटना के दौरान स्थानीय पुलिस भी मौके पर मौजूद रही और पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए रखी। पुलिस ने बताया कि कार्रवाई पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई तथा सोसायटी में कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य रही। किसी भी निवासी को किसी प्रकार की हानि नहीं पहुंची। समय रहते सुरक्षा कर्मियों की सक्रियता के कारण आरोपी दोबारा फरार होने में सफल नहीं हो सका और उसे विधिक कार्रवाई के लिए पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।