A young man was murdered with a sharp weapon in Hardoi, causing a sensation in the area.

हरदोई: उत्तर प्रदेश में हरदोई जिले के सुरसा थाना क्षेत्र के जीतपुरवा गांव में चार वर्ष पुरानी रंजिश के चलते शुक्रवार रात बाजार में एक युवक की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को हिरासत में लिया है, जबकि दूसरे आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार सुरसा थाना क्षेत्र के जीतपुरवा गांव के बाहर स्थित बाजार में शुक्रवार रात सोहित का गांव के ही अमर सिंह और जितेंद्र से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर दोनों आरोपियों ने बांके से सोहित के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई।


स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल सोहित को तत्काल मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के पिता कोमिल ने बताया कि करीब चार वर्ष पूर्व उनके भतीजे ने आरोपी पक्ष की एक युवती को भगा लिया था। पांच दिन बाद दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया था और युवती को सकुशल उसके परिजनों को सौंप दिया गया था। इसके बावजूद दोनों परिवारों के बीच रंजिश बनी रही। परिजनों का आरोप है कि इसी पुरानी दुश्मनी के चलते सोहित की हत्या की गई।

GNSU Admission Open 2026

KATHA CONCERT KOLKATA


घटना की सूचना पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस ने एक आरोपी जितेंद्र को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि मुख्य आरोपी अमर सिंह की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा प्रतीत होता है और सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। घटना के बाद जीतपुरवा गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।