डेहरी में 10 हजार किलो सोनपापड़ी जब्त, खाद्य विभाग की कार्रवाई से मचा हड़कंप
10,000 kg of Sonpapdi seized in Dehri; action by the Food Department causes a stir

डेहरी (रोहतास): त्योहारों के मौसम में मिठाइयों की बढ़ती मांग के बीच खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए रोहतास जिला प्रशासन ने सख्ती तेज कर दी है। इसी क्रम में डेहरी अनुमंडल के जक्की बिगहा में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 10,080 किलोग्राम सोनपापड़ी जब्त की है। जब्त मिठाई की अनुमानित कीमत करीब 5 लाख 75 हजार रुपये बताई जा रही है। जांच के दौरान खाद्य सुरक्षा मानकों के गंभीर उल्लंघन का मामला भी सामने आया है।

जानकारी के अनुसार, जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा के निर्देश पर अनुमंडल पदाधिकारी, डेहरी के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने जक्की बिगहा स्थित रोहित इंटरप्राइजेज के दो खाद्य प्रतिष्ठानों में जांच अभियान चलाया। निरीक्षण के दौरान एक प्रतिष्ठान में बिना वैध लाइसेंस के बड़े पैमाने पर सोनपापड़ी का निर्माण और भंडारण किया जा रहा था।

GNSU Admission Open 2026

जांच टीम को सोनपापड़ी के पैकेटों पर बैच नंबर, निर्माण तिथि और एक्सपायरी डेट जैसी अनिवार्य जानकारियां भी अंकित नहीं मिलीं। इसे खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) के नियमों का गंभीर उल्लंघन मानते हुए प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई की और पूरी 10,080 किलोग्राम सोनपापड़ी जब्त कर ली।

इसके अलावा, रोहित इंटरप्राइजेज के दूसरे खाद्य प्रतिष्ठान की भी जांच की गई। यहां उपलब्ध घी की गुणवत्ता को लेकर मिलावट की आशंका सामने आई। इसके बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने घी का नमूना भी संग्रहित कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया।

प्रशासन की ओर से जब्त सोनपापड़ी और घी, दोनों के नमूने प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजे गए हैं। अब जांच रिपोर्ट आने के बाद ही खाद्य पदार्थों की वास्तविक गुणवत्ता और संभावित मिलावट की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। रिपोर्ट के निष्कर्षों के आधार पर संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस कार्रवाई के बाद डेहरी क्षेत्र के खाद्य कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान आम लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वाले कारोबारियों को बख्शा नहीं जाएगा।