मुंबई: फिल्मकार सूरज बड़जात्या की फिल्मों में रोमांस, पारिवारिक रिश्तों और भव्यता के साथ पीले रंग की भी एक खास पहचान रही है। उनकी फिल्मों में अभिनेत्रियां कई यादगार गानों और दृश्यों में पीले रंग के परिधानों में नजर आई हैं। दिलचस्प बात यह है कि पर्दे पर बार-बार दिखाई देने वाला यह रंग महज संयोग नहीं, बल्कि एक निजी पसंद से जुड़ा बताया जाता है। कहा जाता है कि सूरज बड़जात्या की पत्नी को पीला रंग बेहद पसंद है और उनकी इसी पसंद ने फिल्मों में एक खूबसूरत परंपरा का रूप ले लिया।
हाल ही में फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ के रोमांटिक गीत ‘सावन आया है’ में अभिनेत्री शरवरी पीली साड़ी में दिखाई दीं। उनके इस लुक के साथ ही बड़जात्या की फिल्मों में पीले रंग की खास मौजूदगी एक बार फिर चर्चा में आ गई है।
इस रंग की झलक उनकी पहली चर्चित फिल्मों में से एक ‘मैंने प्यार किया’ में भी देखने को मिली थी। फिल्म में भाग्यश्री ने सुमन के किरदार में पीले रंग का चमकीला सूट पहना था। उनकी मासूमियत और सहज अंदाज के साथ यह परिधान दर्शकों की यादों में आज भी ताजा है।
इसी तरह ‘हम आपके हैं कौन..!’ के लोकप्रिय गीत ‘माये नी माये’ में माधुरी दीक्षित पीले परिधान में नजर आई थीं। निशा के किरदार में उनका चुलबुला अंदाज और शानदार हाव-भाव इस लुक को फिल्म के यादगार दृश्यों में शामिल करते हैं।
फिल्म ‘हम साथ-साथ हैं’ में तब्बू, सोनाली बेंद्रे और करिश्मा कपूर ने भी पारंपरिक पीले परिधानों में अपनी खूबसूरती का जादू बिखेरा था। वहीं, ‘मैं प्रेम की दीवानी हूं’ के गीत ‘कसम की कसम’ में करीना कपूर खान की पीली साड़ी और उनका चुलबुला अंदाज दर्शकों को खूब पसंद आया।
फिल्म ‘विवाह’ के गीत ‘दो अनजाने अजनबी’ में अमृता राव का पीले परिधान में सादगी भरा लुक पूनम और प्रेम के बीच पनपते प्रेम को खूबसूरती से दर्शाता है। इसके अलावा ‘प्रेम रतन धन पायो’ में सोनम कपूर ने पारंपरिक पीले परिधानों को शाही अंदाज में पेश किया।
सूरज बड़जात्या के सिनेमा में पीला रंग अब केवल एक फैशन विकल्प नहीं, बल्कि रोमांस, पारिवारिक परंपरा और खूबसूरत यादों से जुड़ी एक विशिष्ट पहचान बन चुका है। उनकी फिल्मों के ये दृश्य इस रंग को दर्शकों के बीच खास बनाते हैं।







