गंगा एक्सप्रेसवे पर पलटी मिनी बस, 12 से अधिक यात्री घायल
Mini-bus overturns on Ganga Expressway; over 12 passengers injured

रायबरेली: उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले में गंगा एक्सप्रेसवे पर एक मिनी बस के अनियंत्रित होकर पलट जाने से महिलाओं और बच्चों समेत कई यात्री घायल हो गए। हादसा लालगंज कोतवाली क्षेत्र के ऐहार के पास हुआ। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया और पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

पुलिस क्षेत्राधिकारी लालगंज सुजीत कुमार राय के अनुसार, मिनी बस में सवार सभी यात्री पश्चिम बंगाल के हावड़ा और कोलकाता के रहने वाले थे। वे मथुरा-वृंदावन में दर्शन करने के बाद प्रयागराज जा रहे थे। इसी दौरान सुबह करीब छह बजे गंगा एक्सप्रेसवे पर 490 मील पत्थर के पास बस चालक को झपकी आ गई। इससे वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क पर पलट गया।

GNSU Admission Open 2026

हादसे के तुरंत बाद बस में सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की। इसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही लालगंज कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उनका उपचार किया गया। घायलों में सत्यम (13), सोनाली (14), मिनोती दास (57), संदीप सिंह, मोनिका, पुलकित, उत्तम, रोमा, सुरजीत, सुहानी, दलजीत, विमल, श्रेष्ठ, रूबी और वंदना समेत अन्य यात्री शामिल हैं।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस दुर्घटना में किसी की मौत होने की सूचना नहीं है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।