रायपुर: छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में मैनपाट टाइटन्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राजधानी रॉयल्स को 5-2 से हरा दिया। इस हार से राजधानी रॉयल्स की सेमीफाइनल में पहुंचने की राह मुश्किल हो गई है। मैनपाट टाइटन्स की जीत में मोहित नायक ने अहम भूमिका निभाई। उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ और ‘स्ट्राइकर ऑफ द मैच’ चुना गया।
प्रदीप मोर की अगुवाई में उतरी मैनपाट टाइटन्स ने मुकाबले में बेहतर तालमेल और आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया। मैच देखने के लिए केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू, छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव, सांसद कमलेश जांगड़े, पूर्व मंत्री महेश गागड़ा और पूर्व अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी नीता डूमरे भी मौजूद रहे।
पहले हाफ में दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर
मुकाबले का पहला क्वार्टर धीमा रहा और दोनों टीमें मिडफील्ड में नियंत्रण बनाने की कोशिश करती रहीं। क्वार्टर के अंतिम चरण में मैनपाट टाइटन्स ने आक्रमण तेज किया। मनीष वट्टी ने मिले मौके को गोल में बदलकर टीम को बढ़त दिलाई।
राजधानी रॉयल्स ने अनिकेत के गोल से बराबरी हासिल की। हालांकि, मैनपाट टाइटन्स के संदीप ठाकुर ने शानदार प्रयास करते हुए गोल दागा और अपनी टीम को मध्यांतर तक 2-1 से आगे कर दिया।
दूसरे हाफ में मैनपाट का दबदबा
दूसरे हाफ में मैनपाट टाइटन्स ने आक्रामक खेल जारी रखा। रोशन ने टीम के लिए गोल किया, जबकि मोहित नायक ने रिवर्स फ्लिक से गेंद को गोलपोस्ट में पहुंचाकर बढ़त मजबूत की। प्रिंस ने भी गोल दागकर टीम की जीत सुनिश्चित करने में योगदान दिया।
राजधानी रॉयल्स पेनल्टी कॉर्नर के अवसरों को गोल में बदलने में नाकाम रही। यही उसकी हार के प्रमुख कारणों में शामिल रहा।
न्यायधानी नाइट्स की लगातार तीसरी जीत
लीग के एक अन्य मुकाबले में न्यायधानी नाइट्स ने बैलाडीला बुल्स को 4-1 से हराया। टीम ने लगातार तीसरी जीत दर्ज कर अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल किया। ड्रैग-फ्लिकर चिराग ने शानदार हैट्रिक लगाई और उन्हें दोनों व्यक्तिगत पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। बैलाडीला बुल्स के लिए जसकरण सिंह ने एकमात्र गोल किया।
लीग के आगामी मुकाबलों में संस्कारधानी स्ट्राइकर्स का सामना बैलाडीला बुल्स से होगा, जबकि चक्रधर चैंपियंस और मैनपाट टाइटन्स आमने-सामने होंगे।







