रांची में 30 अक्टूबर से नेशनल ट्रैक साइकिलिंग चैंपियनशिप
National Track Cycling Championship to be held in Ranchi from October 30

रांची। झारखंड की राजधानी रांची राष्ट्रीय ट्रैक साइकिलिंग चैंपियनशिप की मेजबानी के लिए तैयार है। खेलगांव स्थित वेलोड्रम स्टेडियम में 30 अक्टूबर से 4 नवंबर 2026 तक 78वीं सीनियर, 55वीं जूनियर और 41वीं सब-जूनियर नेशनल ट्रैक साइकिलिंग चैंपियनशिप आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता को लेकर रविवार को आधिकारिक मस्कट लॉन्च किया गया। इस अवसर पर प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर आयोजन की तैयारियों और व्यवस्थाओं की जानकारी दी गई।

झारखंड साइकिलिंग एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से 600 से अधिक साइकिलिस्ट हिस्सा लेंगे। इसके अलावा आयोजन के संचालन और प्रतियोगिताओं को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए 100 से अधिक तकनीकी अधिकारियों के भी रांची पहुंचने की उम्मीद है।

GNSU Admission Open 2026

खिलाड़ियों के लिए पूरी व्यवस्था

एसोसिएशन के महासचिव शैलेंद्र कुमार पाठक ने कहा कि खेलगांव का वेलोड्रम ट्रैक अंतरराष्ट्रीय स्तर का है। प्रतियोगिता में शामिल होने वाले खिलाड़ियों के ठहरने, भोजन और अभ्यास की व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि आयोजन समिति का लक्ष्य चैंपियनशिप को सफल और यादगार बनाना है, ताकि देशभर से आने वाले खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

मस्कट लॉन्च के बाद प्रचार अभियान तेज

आधिकारिक मस्कट की लॉन्चिंग के साथ ही प्रतियोगिता के प्रचार-प्रसार की गतिविधियां तेज कर दी गई हैं। आयोजन समिति प्रतियोगिता को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाने की तैयारी में है। इस राष्ट्रीय आयोजन से झारखंड में साइकिलिंग को बढ़ावा मिलने और राज्य को खेल के क्षेत्र में नई पहचान मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

कई पदाधिकारी रहे मौजूद

प्रेस कॉन्फ्रेंस में झारखंड साइकिलिंग एसोसिएशन के रितेश झा, तकनीकी अधिकारी सतविंदर कौर, कोषाध्यक्ष रणवीर कुमार और कोच रामकुमार सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। सभी ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए की जा रही तैयारियों की जानकारी साझा की।

छह दिनों तक चलने वाली इस चैंपियनशिप में सीनियर, जूनियर और सब-जूनियर वर्ग के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। रांची में इस बड़े खेल आयोजन से स्थानीय खिलाड़ियों को भी प्रेरणा मिलने की उम्मीद है।