नोएडा में पुलिस मुठभेड़, चेन स्नैचिंग के दो आरोपी गिरफ्तार
Police encounter in Noida; two accused of chain snatching arrested

नोएडा: उत्तर प्रदेश के नोएडा में सेक्टर-39 थाना पुलिस और चेन स्नैचिंग के आरोपियों के बीच देर रात मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपी गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया है। आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, कारतूस, चोरी की मोटरसाइकिल और 2.19 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, बरामद नकदी सेक्टर-39 क्षेत्र में हुई चेन स्नैचिंग की घटना से संबंधित होने की आशंका है।

अपर पुलिस उपायुक्त अभय कुमार मिश्र ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिल्ली के भजनपुरा थाना क्षेत्र निवासी सलमान (30) और तनवीर (37) के रूप में हुई है। पुलिस दोनों के आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है।

GNSU Admission Open 2026

पुलिस के मुताबिक, सेक्टर-39 थाना पुलिस की टीम सेक्टर-43 के पास दादरी रोड स्थित नर्सरी के नजदीक संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान सेक्टर-49 रेड लाइट की ओर से एक मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का संकेत दिया, लेकिन वे रुकने के बजाय स्टेलर ग्रीन पार्क की ओर भागने लगे।

संदेह होने पर पुलिस टीम ने उनका पीछा शुरू कर दिया और अन्य पुलिसकर्मियों को भी सूचना दी। पुलिस की घेराबंदी बढ़ने पर दोनों आरोपी मोटरसाइकिल लेकर सोम बाजार से स्टेलर ग्रीन पार्क के पास जंगल की ओर जाने वाले रास्ते पर भागने लगे। इसी दौरान बारिश के कारण उनकी मोटरसाइकिल फिसल गई और दोनों नीचे गिर पड़े।

पुलिस के अनुसार, घिरने के बाद आरोपियों ने पुलिस टीम पर गोलीबारी की। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में फायरिंग की, जिसमें दोनों आरोपी घायल हो गए। इसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।

चोरी की बाइक और नकदी बरामद

पुलिस ने आरोपियों के पास से .315 बोर के दो अवैध तमंचे, दो खोखा कारतूस और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा, वारदात में इस्तेमाल की जा रही चोरी की रॉयल एनफील्ड हंटर 350 मोटरसाइकिल और 2 लाख 19 हजार रुपये नकद भी जब्त किए गए हैं।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सलमान के खिलाफ दिल्ली-एनसीआर में चेन स्नैचिंग, लूट और चोरी समेत 48 मुकदमे दर्ज हैं, जबकि तनवीर के खिलाफ इसी तरह के 44 मामले दर्ज बताए गए हैं।

पुलिस अब आरोपियों से जुड़े अन्य मामलों और क्षेत्र में हुई चेन स्नैचिंग की घटनाओं में उनकी संभावित संलिप्तता की जांच कर रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।