प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के झूंसी क्षेत्र में गंगा कछार के पास झाड़ियों में एक किशोर का रक्तरंजित शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान झूंसी कोहना बस्ती निवासी दीपक दुबे के 17 वर्षीय पुत्र शांतनु के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की जांच के लिए फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड की मदद भी ली जा रही है।
पुलिस के अनुसार, शांतनु घर से बाहर गया था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। सुबह गंगा कछार के पास झाड़ियों में उसका शव पड़ा मिला। प्रारंभिक जांच में उसके सिर पर धारदार या किसी नुकीली वस्तु से चोट के निशान मिले हैं। पुलिस को आशंका है कि हमले के बाद शव को झाड़ियों में फेंका गया।
जांच के दौरान किशोर के दोस्तों से जुड़े दो संभावित विवाद सामने आए हैं। पुलिस के मुताबिक, करीब 15 हजार रुपये के लेनदेन को लेकर शांतनु का कुछ दोस्तों से विवाद चल रहा था। इसके अलावा एक युवती को लेकर भी उसके दोस्तों के साथ तनातनी की बात सामने आई है। परिजनों ने पुलिस को बताया कि घर से निकलने से पहले शांतनु के पास किसी का फोन भी आया था। इसके बाद वह घर से बाहर गया और वापस नहीं लौटा।
पुलिस ने मामले में मृतक के तीन दोस्तों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि शांतनु इन्हीं युवकों के साथ रहता था और इनमें से दो के साथ उसका रुपये के लेनदेन को लेकर विवाद हुआ था। पुलिस घटना वाली रात संदिग्धों की गतिविधियों और लोकेशन की जानकारी जुटा रही है। इसके लिए कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) की भी जांच कराई जा रही है।
डीसीपी सिटी सागर जैन के अनुसार, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। प्रारंभिक जांच में सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के कारण और चोटों की प्रकृति स्पष्ट होगी। पुलिस ने घटनास्थल से संभावित साक्ष्य जुटाए हैं और मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।







