वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के व्यक्तित्व, जीवन, नेतृत्व, शासन और नीतियों पर आधारित पुस्तकों को एक मंच पर लाने के उद्देश्य से काशी में ‘नमो बुक फेस्ट जेन वी’ का आयोजन किया जा रहा है। काउंसिल फॉर मीडिया एंड पब्लिक पॉलिसी रिसर्च (सीएमपीपीआर) की ओर से आयोजित इस दो दिवसीय पुस्तक उत्सव में विभिन्न भाषाओं में प्रधानमंत्री मोदी से जुड़ी 500 से अधिक पुस्तकों को प्रदर्शित किया जाएगा। आयोजन का उद्देश्य युवाओं के बीच पुस्तकों के माध्यम से नेतृत्व, शासन और नीतियों से जुड़े विषयों पर संवाद को बढ़ावा देना है।
फेस्ट का आयोजन रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में किया जाएगा। यहां पुस्तक प्रदर्शनी के साथ विभिन्न विषयों पर चर्चा और संवाद कार्यक्रम भी प्रस्तावित हैं। आयोजकों के मुताबिक, कार्यक्रम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें वर्ष और सार्वजनिक जीवन में उनके लंबे राजनीतिक सफर से जुड़े पड़ावों के संदर्भ में आयोजित किया जा रहा है।
नमो बुक फेस्ट का पहला संस्करण नई दिल्ली के डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित किया गया था। उस आयोजन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन, विचारों और नेतृत्व से जुड़ी 450 से अधिक पुस्तकों को विभिन्न श्रेणियों में प्रदर्शित किया गया था। इसमें बड़ी संख्या में विद्यार्थियों और युवाओं ने भाग लिया था। इसी दौरान ‘जेन वी’ की अवधारणा को सामने रखा गया, जिसे आयोजक विकसित भारत के दृष्टिकोण वाली पीढ़ी के रूप में प्रस्तुत करते हैं।
काशी में होने वाले आयोजन में केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह, वरिष्ठ पत्रकार अशोक श्रीवास्तव, लेखक अमीश त्रिपाठी, राहुल शिवशंकर, आरजे रौनक, अभिनेत्री सुजैन बर्नट, आदित्य राज कौल, गौतम चिकरमाने और नलिन मेहता समेत कई लेखक, विचारक, नीति विशेषज्ञ और युवा हस्तियों के शामिल होने की जानकारी दी गई है।
आयोजकों का कहना है कि पुस्तक उत्सव के जरिए युवाओं को पढ़ने की संस्कृति से जोड़ने और देश के विकास, नेतृत्व तथा सार्वजनिक नीतियों पर विचार-विमर्श के लिए मंच उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।







