दुर्गा पूजा स्पेशल रेसिपी। दुर्गा पूजा और नवरात्रि के व्रत में अगर आप कुछ स्वादिष्ट और कुरकुरा खाना चाहते हैं तो साबूदाना वड़ा एक बेहतरीन विकल्प है। बाहर से कुरकुरा और अंदर से नरम साबूदाना वड़ा घर पर आसानी से तैयार किया जा सकता है। इसे दही या फलाहारी हरी चटनी के साथ परोसा जा सकता है।
सामग्री
- साबूदाना – 1 कप
- उबले हुए आलू – 2
- मूंगफली – आधा कप
- हरी मिर्च – 2 बारीक कटी हुई
- जीरा – आधा छोटा चम्मच
- सेंधा नमक – स्वादानुसार
- हरा धनिया – 1 बड़ा चम्मच
- नींबू का रस – 1 छोटा चम्मच
- तेल या घी – तलने के लिए
बनाने की विधि
सबसे पहले साबूदाने को अच्छी तरह धोकर पर्याप्त पानी में कुछ घंटों के लिए भिगो दें। साबूदाना नरम हो जाए तो उसका अतिरिक्त पानी निकालकर कुछ देर के लिए अलग रख दें। ध्यान रखें कि साबूदाने में ज्यादा पानी न रहे, वरना वड़ा बनाते समय मिश्रण ढीला हो सकता है।
अब मूंगफली को कड़ाही में हल्का भूनकर दरदरा पीस लें। एक बड़े बर्तन में भीगा हुआ साबूदाना, मैश किए हुए उबले आलू और पिसी हुई मूंगफली डालें। इसमें सेंधा नमक, जीरा, हरी मिर्च, हरा धनिया और नींबू का रस डालकर सभी सामग्री को अच्छी तरह मिला लें।
तैयार मिश्रण की छोटी-छोटी लोइयां बनाकर हथेली से हल्का दबाते हुए वड़े का आकार दें। इसी तरह सभी वड़े तैयार कर लें।
अब कड़ाही में तेल या घी गर्म करें। तेल अच्छी तरह गर्म होने पर वड़ों को सावधानी से कड़ाही में डालें। इन्हें मध्यम आंच पर दोनों तरफ से सुनहरा और कुरकुरा होने तक तलें। तेज आंच पर तलने से वड़े बाहर से जल्दी ब्राउन हो सकते हैं, जबकि अंदर से ठीक से नहीं पकेंगे।
तले हुए साबूदाना वड़ों को प्लेट में निकालें और अतिरिक्त तेल सोखने के लिए टिश्यू पेपर पर रखें। इन्हें गरमा-गरम दही या फलाहारी चटनी के साथ परोसें।
टिप: वड़ों को कुरकुरा बनाने के लिए साबूदाने को भिगोने के बाद उसका अतिरिक्त पानी अच्छी तरह निकालना जरूरी है। मिश्रण में मूंगफली की मात्रा भी स्वाद और टेक्सचर को बेहतर बनाती है।







