हरदोई में सर्राफा कारोबारी से चांदी लूट का खुलासा
Silver robbery from bullion trader in Hardoi solved

हरदोई। उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में सर्राफा कारोबारी से पांच किलो चांदी लूटने की वारदात का पुलिस ने खुलासा किया है। शाहाबाद पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में दो मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली लगने से घायल हुए हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से 2.25 किलो लूटी गई चांदी, दो .315 बोर के तमंचे, चार जिंदा कारतूस, दो खोखे और वारदात में इस्तेमाल बिना नंबर की कार बरामद करने का दावा किया है। दो अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है।

पुलिस के मुताबिक, लखनऊ के ठाकुरगंज निवासी सर्राफा कारोबारी हृदयराम सोनी अपने चालक करन के साथ वैगनआर कार से शाहजहांपुर गए थे। कारोबारी के पास दो बैग में कुल 17.5 किलो चांदी थी। इनमें एक बैग में पांच किलो और दूसरे में 12.5 किलो चांदी रखी थी।

GNSU Admission Open 2026

वापसी के दौरान शाहाबाद थाना क्षेत्र में बजरी प्लांट के पास स्विफ्ट डिजायर सवार बदमाशों ने उनकी कार को ओवरटेक कर रोक लिया। आरोप है कि बदमाशों ने कार का शीशा तोड़कर कारोबारी की आंखों में लाल मिर्च पाउडर डाल दिया और हथियारों के बल पर पांच किलो चांदी से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। पुलिस के अनुसार, बदमाशों ने ड्राइवर के साथ मारपीट का नाटक भी किया था।

जांच के दौरान पुलिस को चालक करन की भूमिका पर संदेह हुआ। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में सामने आया कि करन ने इंटरनेट कॉलिंग के जरिए अपने साथियों को कारोबारी के रूट, समय और चांदी की जानकारी दी थी। इसके बाद कथित रूप से पूरी योजना बनाकर लूट को अंजाम दिया गया।

पुलिस के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर शाहाबाद बाईपास पर संदिग्ध बिना नंबर की कार को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस का दावा है कि कार सवार बदमाशों ने फायरिंग की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में सुशील यादव और विमल यादव घायल हुए। दोनों को गिरफ्तार कर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया।

इसके अलावा अमन और चालक करन को भी गिरफ्तार किया गया है। गिरोह के दो अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।