वाराणसी। काशी के खिलाड़ियों और फिटनेस प्रेमियों के लिए डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स (सिगरा) में अत्याधुनिक जिम की सुविधा शुरू हो गई है। एचडीएफसी बैंक के सहयोग से करीब 62 लाख रुपये की लागत से तैयार इस जिम का लोकार्पण महापौर अशोक कुमार तिवारी ने किया।
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने कहा कि काशी में विरासत संरक्षण के साथ खेल सुविधाओं के विकास पर भी जोर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सिगरा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में एक ही परिसर के तहत 21 प्रकार के खेलों की सुविधाएं उपलब्ध हैं। नए जिम के शुरू होने से खिलाड़ियों को प्रशिक्षण और फिटनेस के लिए आधुनिक संसाधन एक ही स्थान पर मिल सकेंगे।
जिम को अलग-अलग प्रशिक्षण जरूरतों के अनुसार कई हिस्सों में तैयार किया गया है। कार्डियो और स्ट्रेंथ जोन में कर्व्ड ट्रेडमिल, एयर रोवर, क्रॉस ट्रेनर, स्पिन बाइक और स्की मशीन के अलावा लेग प्रेस और चेस्ट प्रेस जैसी मशीनें लगाई गई हैं।
मसल और बॉडी शेपिंग सेक्शन में शोल्डर प्रेस, लैट पुल डाउन, स्क्वैट रैक, डेडलिफ्ट प्लेटफॉर्म, केबल क्रॉसओवर, हिप थ्रस्ट और एब्डोमिनल मशीनें शामिल हैं। जिम में फुल बॉडी मसाज रिक्लाइनर, बैटल रोप, ओलंपिक रॉड, डम्बल रैक और लेदर मैट जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं।
महापौर अशोक कुमार तिवारी ने कहा कि सिगरा स्टेडियम को आधुनिक खेल परिसर के रूप में विकसित करने से खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण का अवसर मिला है। उन्होंने परिसर में भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के विशेष केंद्र की स्थापना का भी उल्लेख किया।
उन्होंने साई सिगरा के निशानेबाज और एशियाई खेलों के स्वर्ण पदक विजेता कमलजीत की उपलब्धि का उल्लेख करते हुए कहा कि आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाओं से स्थानीय खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने के अवसर मिल रहे हैं।
नए जिम के जरिए खिलाड़ियों को उनकी खेल क्षमता के अनुरूप फिटनेस और स्ट्रेंथ ट्रेनिंग की सुविधा उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। इससे सिगरा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में उपलब्ध खेल प्रशिक्षण सुविधाओं का विस्तार हुआ है।







