नयी दिल्ली। दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान FZ1073 में हवा में गंभीर घटना के दौरान भारतीय मुख्य पायलट कैप्टन स्मित मच्छार ने अदम्य साहस का परिचय दिया। कथित तौर पर सह-पायलट द्वारा विमान को नुकसान पहुंचाने की कोशिश के दौरान मच्छार पर चाकू से हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद उन्होंने हमलावर का मुकाबला किया और यात्रियों तथा चालक दल की सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विमान लगभग 34,000 फुट की ऊंचाई पर उड़ रहा था, तभी उसमें अचानक संकट पैदा हो गया। विमान तेजी से नीचे उतरकर करीब 17,000 फुट की ऊंचाई तक पहुंच गया। इस दौरान सह-पायलट पर विमान की प्रणाली को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करने और कैप्टन मच्छार पर हमला करने के आरोप हैं।
घटना के बाद विमान का मार्ग सऊदी अरब के तबूक स्थित प्रिंस सुल्तान बिन अब्देल अजीज हवाईअड्डे की ओर मोड़ दिया गया, जहां उसकी आपातकालीन लैंडिंग कराई गई। विमान में 27 बच्चों समेत कुल 174 यात्री सवार थे। सभी यात्रियों को सुरक्षित बताया गया है।
इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कैप्टन मच्छार की बहादुरी की सराहना करते हुए उन्हें सच्चा नायक बताया। उन्होंने कहा कि चाकू से घायल होने के बावजूद भारतीय पायलट ने हमलावर का प्रतिरोध किया और कॉकपिट का दरवाजा खोलने में मदद की, जिससे यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को हमलावर पर काबू पाने का अवसर मिला।
नेतन्याहू के अनुसार, एक इजरायली यात्री और चालक दल के सदस्य ने कॉकपिट में पहुंचकर हमलावर को नियंत्रित करने में मदद की। बाद में चालक दल के एक अन्य सदस्य ने विमान को स्थिर करने में सहयोग किया। उन्होंने कहा कि इन लोगों के साहस और सूझबूझ से बड़ी दुर्घटना टल गई।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कैप्टन मच्छार की प्रशंसा करते हुए कहा कि गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद उन्होंने दूसरों की जान बचाने के लिए असाधारण साहस और दृढ़ संकल्प दिखाया। उन्होंने कहा कि भारत को अपने पायलट पर गर्व है और वह उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं।
इजरायली संसद के अध्यक्ष आमिर ओहाना ने भी भारतीय पायलट के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। घटना के बाद सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में कैप्टन मच्छार घायल अवस्था में ऑक्सीजन मास्क लगाए दिखाई दिए।







