नालंदा। इसलामपुर नगर के गौरव नगर मोहल्ले में प्रेम प्रसंग से जुड़े विवाद के बीच 21 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में छत से गिरकर मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने युवती और उसके परिवार पर मारपीट के बाद युवक को छत से धक्का देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। वहीं, युवती के परिजनों ने आरोपों से इनकार करते हुए युवक के खुद छत से कूदने की बात कही है। घटना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
मृतक की पहचान जहानाबाद जिले के कटौली गांव निवासी किशोरी प्रसाद के 21 वर्षीय पुत्र रजनीश कुमार के रूप में हुई है। मृतक की मां सुषमा देवी के अनुसार, रजनीश पटना की एक प्लास्टिक फैक्ट्री में काम करता था। सोमवार को एक युवती ने फोन कर उसे इसलामपुर के गौरव नगर स्थित अपने किराए के मकान पर बुलाया था।
परिजनों का आरोप है कि मकान पर पहुंचने के बाद रजनीश को छत पर ले जाया गया, जहां उसके साथ मारपीट की गई और बाद में उसे छत से नीचे धक्का दे दिया गया। गंभीर रूप से घायल रजनीश को स्थानीय लोगों की मदद से निजी क्लिनिक ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए पटना रेफर कर दिया। हालांकि, पटना ले जाने के दौरान रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद हिलसा-2 इसलामपुर डीएसपी रामदुलार प्रसाद और थानाध्यक्ष रणविजय कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच कर रही है। पुलिस ने युवती और उसके माता-पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है।
इधर, युवती के परिजनों ने युवक की हत्या के आरोप को गलत बताया है। उनका कहना है कि वे रजनीश को जानते तक नहीं थे। उनके मुताबिक, सोमवार को युवक उनके किराए के मकान में छिपा हुआ था। नजर पड़ने के बाद वह भागने लगा और उसे पकड़ने के प्रयास के दौरान उसने छत से छलांग लगा दी, जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस दोनों पक्षों के बयानों और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच कर रही है। सामने आए कथित लाइव वीडियो और सीसीटीवी फुटेज की भी जांच के बाद घटना की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट होने की उम्मीद है।







