सासाराम। आगामी दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने को लेकर रोहतास जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में सासाराम स्थित डीआरडीए सभागार में जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की संयुक्त शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा और पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार ने संयुक्त रूप से की।
बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी, नगर थाना प्रभारी, शांति समिति के सदस्य, पूजा समितियों के प्रतिनिधि तथा प्रशासन और पुलिस के अन्य वरीय अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने दशहरा के दौरान जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने कहा कि त्योहार के दौरान किसी भी तरह की अफवाह, उपद्रव या असामाजिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बैठक में जिले के चिह्नित संवेदनशील और अतिसंवेदनशील क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई।
डीएम ने पूजा पंडालों, भीड़भाड़ वाले बाजारों और विसर्जन मार्गों पर पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारियों और पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इसके अलावा महत्वपूर्ण स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी रखने और जरूरत के अनुसार ड्रोन से भी निगरानी करने को कहा गया।
एसपी रौशन कुमार ने पुलिस अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आम लोगों में सुरक्षा की भावना बनाए रखने के लिए शहर के विभिन्न इलाकों और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस बल द्वारा फ्लैग मार्च निकाला जाएगा।
सभी थानाध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्रों में असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखने और आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। सोशल मीडिया पर भ्रामक और भड़काऊ पोस्ट करने वालों पर साइबर सेल के माध्यम से नजर रखने को भी कहा गया।
बैठक में प्रशासन ने शांति समिति के सदस्यों और आम नागरिकों से दशहरा पर्व आपसी भाईचारे और सद्भाव के साथ मनाने की अपील की। अधिकारियों ने लोगों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अप्रिय घटना की सूचना तत्काल पुलिस या जिला नियंत्रण कक्ष को देने का आग्रह किया।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।







