मुंबई। अभिनेत्री विद्या बालन ने फिल्मकार आर. बाल्की के साथ अपनी नई तमिल फिल्म की शूटिंग शुरू कर दी है। दोनों की जोड़ी इससे पहले वर्ष 2009 में रिलीज हुई चर्चित फिल्म ‘पा’ में नजर आई थी। करीब 17 साल बाद दोनों एक बार फिर साथ काम कर रहे हैं, जिससे इस प्रोजेक्ट को लेकर दर्शकों में उत्सुकता बढ़ गई है।
विद्या बालन ने सोशल मीडिया पर एक तस्वीर साझा कर फिल्म की शूटिंग शुरू होने की जानकारी दी। तस्वीर में अभिनेत्री हाथ में स्क्रिप्ट लिए कुर्सी पर बैठी नजर आ रही हैं। चश्मे और लंबी चोटी के साथ उनका लुक काफी सादगी भरा दिखाई दे रहा है। तस्वीर के साथ उन्होंने आर. बाल्की के साथ नई तमिल फिल्म और नई शुरुआत को लेकर अपनी खुशी जाहिर की।
हालांकि, फिल्म के नाम, कहानी और विद्या बालन के किरदार से जुड़ी जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है। निर्माताओं की ओर से भी फिल्म को लेकर विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई है। ऐसे में दर्शकों की नजर अब फिल्म की आधिकारिक घोषणा और अन्य कलाकारों से जुड़ी जानकारी पर है।
विद्या बालन और आर. बाल्की इससे पहले ‘पा’ में साथ काम कर चुके हैं। वर्ष 2009 में रिलीज हुई इस फिल्म में अमिताभ बच्चन और अभिषेक बच्चन भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में थे। फिल्म को दर्शकों और समीक्षकों से अच्छी प्रतिक्रिया मिली थी। अब दोनों की दोबारा साथ वापसी को लेकर फिल्म जगत में भी दिलचस्पी बनी हुई है।
वर्कफ्रंट की बात करें तो विद्या बालन जल्द ही रजनीकांत अभिनीत ‘जेलर 2’ में नजर आएंगी। नेल्सन दिलीपकुमार के निर्देशन में बनी इस फिल्म में वह कांता की भूमिका निभा रही हैं। फिल्म 15 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।
इसके अलावा विद्या बालन अभिनेता अक्षय कुमार के साथ अनीस बज्मी के निर्देशन में बनने वाली अनाम कॉमेडी फिल्म का भी हिस्सा हैं। इस फिल्म में राशि खन्ना भी नजर आएंगी और इसे चार दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज किए जाने की योजना है।







