रोहतास के अभिषेक आनंद जापान की नेशनल क्रिकेट टीम में शामिल
Abhishek Anand from Rohtas joins Japan's national cricket team.

रोहतास। बिहार के रोहतास जिले के दिनारा प्रखंड के अहरांव गांव से निकली क्रिकेट की कहानी अब जापान तक पहुंच गई है। गांव के रहने वाले अभिषेक आनंद ने अपनी मेहनत और जुनून के दम पर जापान की नेशनल क्रिकेट टीम में जगह बनाई है। अभिषेक का चयन टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट के लिए भी हुआ है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, गांव और पूरे रोहतास जिले में खुशी का माहौल है।

अभिषेक आनंद बिहार पुलिस के सेवानिवृत्त इंस्पेक्टर बिष्णु देव राय और किरण देवी के बेटे हैं। उन्होंने पढ़ाई के साथ क्रिकेट के प्रति अपने जुनून को भी लगातार कायम रखा। अभिषेक ने IIT कानपुर से अपनी पढ़ाई पूरी की और इसके बाद नौकरी के सिलसिले में जापान चले गए। जापान पहुंचने के बाद भी उन्होंने क्रिकेट से दूरी नहीं बनाई और नौकरी के साथ नियमित रूप से अभ्यास करते रहे।

GNSU Admission Open 2026

अभिषेक की कहानी इसलिए भी खास है क्योंकि जिस गांव से उन्होंने क्रिकेट का सफर शुरू किया, वहां क्रिकेट खेलने के लिए कोई बड़ा मैदान तक उपलब्ध नहीं है। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने अपने लक्ष्य को लेकर मेहनत जारी रखी। जापान में रहते हुए लगातार अभ्यास, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण ने उन्हें राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाया।

अब अभिषेक जापान की नेशनल क्रिकेट टीम की जर्सी में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। गांव से हजारों किलोमीटर दूर जापान में खेलते अभिषेक को देखकर उनके परिजन और ग्रामीण गर्व महसूस कर रहे हैं।

अभिषेक की उपलब्धि उन युवाओं के लिए भी प्रेरणा बनी है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का सपना देखते हैं। पढ़ाई, नौकरी और क्रिकेट के बीच संतुलन बनाकर अभिषेक ने अपनी मेहनत से एक नई पहचान बनाई है।