
पटना: बिहार के पटना जिले में करमा-धर्मा पूजा के बाद मूर्ति विसर्जन के दौरान गंगा नदी में कई हादसों ने चिंता बढ़ा दी। बाढ़ अनुमंडल के बाढ़, अथमलगोला और बख्तियारपुर थाना क्षेत्रों में अलग-अलग घटनाओं में कुल 11 लोगों के डूबने की सूचना है। स्थानीय लोगों ने चार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि एक युवक का शव बरामद किया गया है। छह लोगों की तलाश अभी जारी है। स्थानीय गोताखोरों के साथ एसडीआरएफ की टीमों को भी रेस्क्यू के लिए सूचना दी गई है।
बाढ़ थाना क्षेत्र के पोस्ट ऑफिस घाट पर करमा पूजा की मूर्ति विसर्जन के बाद कुछ युवक गंगा में स्नान करने लगे। इसी दौरान तीन युवक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। स्थानीय लोगों ने एक युवक को बचा लिया, जबकि दो युवक नदी में लापता हो गए। लापता युवकों की पहचान पीयूष कुमार और सुजीत कुमार के रूप में हुई है। अंचल प्रशासन के अनुसार, दोनों की तलाश के लिए स्थानीय गोताखोरों की मदद से अभियान चलाया जा रहा है और एसडीआरएफ को सूचना दी गई है।
अथमलगोला थाना क्षेत्र के उस्मानपुर में भी करमा पूजा की मूर्ति विसर्जन के दौरान भाई-बहन के गंगा में डूबने की सूचना मिली। दोनों की तलाश जारी है। पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने रेस्क्यू टीमों को सूचना देकर खोज अभियान शुरू कराया है।
वहीं, बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के चंपापुर गांव के पास छह युवक मूर्ति विसर्जन के दौरान गंगा में डूबने लगे। स्थानीय लोगों ने तीन युवकों को सुरक्षित निकाल लिया। बाद में एक युवक साहिल कुमार का शव बरामद किया गया, जबकि गोलू कुमार और बलवीर कुमार की तलाश जारी है।
लगातार हुई इन घटनाओं के बाद प्रशासन ने स्थानीय गोताखोरों और एसडीआरएफ की मदद से नदी में खोज अभियान तेज कर दिया है। पुलिस और प्रशासन की टीमें पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।






