जालंधर में नशे के खिलाफ अभियान, 20 आरोपी गिरफ्तार
Campaign against drugs launched in Jalandhar, 20 accused arrested

जालंधर। पंजाब सरकार की ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ मुहिम के तहत जालंधर ग्रामीण पुलिस ने नकोदर सब-डिवीजन में विशेष घेराबंदी और तलाशी अभियान चलाकर 17 मामले दर्ज किए तथा 20 आरोपियों को गिरफ्तार किया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह विर्क के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान नशा प्रभावित क्षेत्रों, हॉटस्पॉट, खाली मकानों और सुनसान स्थानों की तलाशी ली गई। संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की भी जांच की गई।

GNSU Admission Open 2026

पुलिस के मुताबिक, एनडीपीएस एक्ट के तहत 16 मामले दर्ज कर 19 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि आबकारी एक्ट के तहत एक मामला दर्ज कर एक आरोपी को पकड़ा गया।

अभियान में 308.15 ग्राम हेरोइन, 443 नशीली गोलियां, 53 बिना लेबल वाले इंजेक्शन और एक किलोग्राम भुक्की चूरा पोस्त बरामद किया गया। इसके अलावा 22 बोतल शराब, .32 बोर की पिस्तौल, दो मैगजीन, एक कारतूस, 41 हजार रुपये नकद और एक आई-20 कार भी बरामद हुई।

थाना सदर नकोदर में छह मामले दर्ज कर सात गिरफ्तारियां, थाना सिटी नकोदर में छह मामले दर्ज कर आठ गिरफ्तारियां और थाना नूरमहल में चार मामले दर्ज कर चार गिरफ्तारियां की गईं।

एसएसपी हरविंदर सिंह विर्क ने कहा कि नशे की बिक्री, आपूर्ति और तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष तलाशी अभियान भी आगे चलाए जाएंगे।