अमृतसर: पंजाब पुलिस के एएसआई हरजीत सिंह की हत्या के मामले में वांछित आरोपियों में से एक दीपक सिंह शनिवार देर रात अमृतसर के इस्लामाबाद इलाके में पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में मारा गया।
पुलिस के अनुसार, दीपक सिंह अमृतसर के मुलेचक गांव का रहने वाला था और एएसआई हरजीत सिंह की हत्या में शामिल दो संदिग्धों में से एक था।
पुलिस ने बताया कि रात करीब 9:45 बजे नाके पर स्कूटर सवार दो संदिग्धों को रुकने का इशारा किया गया। आरोप है कि दोनों ने पुलिस टीम पर गोलीबारी की और मौके से भागने लगे। अगले नाके पर भी संदिग्धों ने पुलिस पर चार गोलियां चलाईं। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें इस्लामाबाद थाना क्षेत्र में दीपक सिंह को गोली लगी। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी इनपुट, टावर डंप विश्लेषण और स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के आधार पर दीपक की पहचान संदिग्ध के रूप में हुई थी। पुलिस ने उसके कब्जे से .30 बोर की पिस्तौल, दो मैगजीन में आठ कारतूस, मोबाइल फोन और कथित तौर पर वारदात में इस्तेमाल स्कूटर बरामद करने का दावा किया है।
मुठभेड़ के दौरान दूसरा संदिग्ध मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। एएसआई हरजीत सिंह की ड्यूटी के दौरान भगतांवाला अनाज मंडी इलाके में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मामले में आगे की जांच जारी है।







