अल्लू अर्जुन की 'राका' का रहस्यमयी पोस्टर, '37' ने बढ़ाई उत्सुकता
Mysterious poster of Allu Arjun's 'Raaka', '37' raises curiosity

मुंबई: अभिनेता अल्लू अर्जुन और निर्देशक एटली की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘राका’ एक बार फिर चर्चा में है। निर्माताओं ने सोशल मीडिया पर फिल्म से जुड़ा एक रहस्यमयी पोस्टर जारी किया है, जिसमें सिर्फ ’37’ अंक और ‘कुछ बड़ा आने वाला है’ लिखा है। पोस्टर में अन्य कोई जानकारी नहीं होने से प्रशंसक इसके मायने को लेकर अलग-अलग कयास लगा रहे हैं।

सोशल मीडिया पर ’37’ को लेकर सबसे ज्यादा चर्चा हो रही है। कुछ प्रशंसक इसे निर्देशक एटली के 21 सितंबर को आने वाले जन्मदिन से जोड़ रहे हैं। उनका अनुमान है कि 3×7=21 के जरिए यह अंक एटली के जन्मदिन की ओर संकेत करता है और उस दिन फिल्म से जुड़ी कोई बड़ी घोषणा या झलक सामने आ सकती है।

GNSU Admission Open 2026

कुछ प्रशंसक ’37’ को 37 दिनों से जोड़कर 24 अक्टूबर की संभावित तारीख का अनुमान लगा रहे हैं। वहीं, कुछ इसे तीन महीने और सात दिन के संकेत के तौर पर देख रहे हैं। ‘3.7’ को मार्च 2027 से जोड़कर फिल्म की संभावित रिलीज अवधि को लेकर भी चर्चा हो रही है।

हालांकि, इन सभी अटकलों की अभी निर्माताओं की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। यह भी माना जा रहा है कि ’37’ फिल्म के किसी किरदार, कहानी या महत्वपूर्ण घटनाक्रम से जुड़ा संकेत हो सकता है।

सन पिक्चर्स के बैनर तले बन रही ‘राका’ एक सोशल-फैंटेसी एक्शन फिल्म बताई जा रही है। इस फिल्म के जरिए अल्लू अर्जुन और एटली पहली बार साथ काम कर रहे हैं। फिल्म में दीपिका पादुकोण को महिला मुख्य भूमिका के लिए आधिकारिक रूप से घोषित किया गया है। रश्मिका मंदाना, जाह्नवी कपूर और मृणाल ठाकुर के नाम भी फिल्म से जोड़े जा रहे हैं, लेकिन उनकी भूमिकाओं की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

फिलहाल ’37’ का असली मतलब रहस्य बना हुआ है और प्रशंसकों को निर्माताओं की अगली आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।