एमसीबी: छत्तीसगढ़ के मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले में भालू के हमले में गंभीर रूप से घायल हरिवंश की इलाज के दौरान मौत हो गई। वह खोंगापानी के वार्ड नंबर 7 के निवासी थे।
वन विभाग के अनुसार, हरिवंश सिद्ध बाबा घाटी के पास से गुजर रहे थे, तभी अचानक एक भालू ने उन पर हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। इसी दौरान वहां से गुजर रही महतारी एक्सप्रेस के चालक ने उन्हें घायल अवस्था में देखा और तत्काल सिविल अस्पताल मनेन्द्रगढ़ पहुंचाया। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
मनेन्द्रगढ़ रेंजर विश्नाथ साहू के मुताबिक, सिद्ध बाबा घाटी और आसपास के इलाकों में पिछले कई दिनों से चार-पांच भालुओं की मौजूदगी देखी जा रही है। आबादी के आसपास लगातार भालुओं की आवाजाही से स्थानीय लोगों में भय का माहौल है।
स्थानीय लोगों ने वन विभाग से भालुओं की गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाने और आबादी वाले क्षेत्रों में सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाने की मांग की है। घटना के बाद वन विभाग की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।







