यूपी में 15 हजार से अधिक शिक्षक पदों पर भर्ती
Recruitment for more than 15 thousand teacher posts in UP

प्रयागराज: उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने प्रदेश में 15 हजार से अधिक शिक्षक पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। आयोग ने सहायक अध्यापक और प्रवक्ता (पीजीटी) पदों के लिए अलग-अलग विज्ञापन जारी किए हैं।

सहायक अध्यापक भर्ती के तहत कुल 12,405 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इनमें माध्यमिक शिक्षा विभाग के अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों में सहायक अध्यापक के 897 पद और बेसिक शिक्षा विभाग में सहायक अध्यापक (शहरी) के 11,508 पद शामिल हैं।

GNSU Admission Open 2026

वहीं, प्रवक्ता संवर्ग में प्रदेश के अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों के 2,607 रिक्त पदों पर भर्ती होगी।

सहायक अध्यापक भर्ती के लिए ऑनलाइन पंजीकरण और आवेदन प्रक्रिया शुरू होगी। शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 15 अक्टूबर और आवेदन में संशोधन की अंतिम तिथि 19 अक्टूबर निर्धारित की गई है। परीक्षा तीन और चार दिसंबर को प्रस्तावित है।

पीजीटी भर्ती के लिए ऑनलाइन पंजीकरण 18 सितंबर से शुरू होगा। शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 17 अक्टूबर और आवेदन संशोधन की अंतिम तिथि 21 अक्टूबर निर्धारित की गई है। पीजीटी परीक्षा 15 और 16 दिसंबर को आयोजित की जाएगी।

आयोग ने कहा है कि सभी अभ्यर्थियों के लिए वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) अनिवार्य होगा। विस्तृत विज्ञापन और आवेदन संबंधी निर्देश आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध होंगे।

उत्तर प्रदेश बीटीसी शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष अनिल यादव ने दावा किया कि भर्ती विज्ञापन में शिक्षामित्रों के लिए किसी तरह के वेटेज या वरीयता का उल्लेख नहीं है। उन्होंने सरकार से शिक्षामित्रों को भर्ती में वेटेज देने की मांग की है।