The number of foreign tourists in Dubai decreased by 44%

दुबई: पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच दुबई आने वाले विदेशी पर्यटकों की संख्या में इस वर्ष अगस्त तक सालाना आधार पर करीब 44 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है। दुबई के अर्थव्यवस्था एवं पर्यटन विभाग के आंकड़ों के अनुसार, शुरुआती आठ महीनों में 69.7 लाख विदेशी पर्यटक दुबई पहुंचे।

दुबई मीडिया कार्यालय के मुताबिक, पिछले वर्ष जनवरी से अगस्त के बीच करीब 1.25 करोड़ विदेशी पर्यटकों ने शहर का दौरा किया था। इस लिहाज से इस वर्ष पर्यटकों की संख्या में करीब 56 लाख की कमी आई है।

GNSU Admission Open 2026

पर्यटन विभाग ने फरवरी के बाद पहली बार पर्यटकों के आंकड़े जारी किए हैं। इससे पहले पर्यटकों से जुड़े आंकड़े हर महीने जारी किए जाते थे। विभाग की मासिक पर्यटन रिपोर्ट के अनुसार, वर्ष 2025 में दुबई में रिकॉर्ड 1.96 करोड़ विदेशी पर्यटक पहुंचे थे।

दुबई प्रशासन का लक्ष्य अमीरात को सालभर चलने वाले पर्यटन स्थल के साथ दुनिया के शीर्ष तीन पर्यटन केंद्रों में शामिल करना है। हालांकि, क्षेत्रीय तनाव और उड़ानें रद्द होने से पर्यटन क्षेत्र प्रभावित हुआ है। इसके अलावा, दुबई के कई होटल मरम्मत कार्य के कारण भी बंद रहे हैं।

पर्यटन में आई इस गिरावट को पश्चिम एशिया की मौजूदा परिस्थितियों और हवाई संपर्क पर पड़े प्रभाव से जोड़कर देखा जा रहा है।