मुंबई: बॉलीवुड अभिनेत्री अमीषा पटेल के चर्चगेट स्थित पारिवारिक घर से करीब 5 लाख रुपये के गहने चोरी होने का मामला सामने आया है। पुलिस ने चोरी के आरोप में घर के एक स्टाफ मेंबर को गिरफ्तार किया है।
रिपोर्ट के मुताबिक, अमीषा पटेल की मां आशा पटेल ने घर से कीमती सामान गायब होने के बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। चोरी हुए सामान में हीरे जड़ी सोने की चूड़ी समेत अन्य आभूषण शामिल बताए जा रहे हैं। अमीषा के मैनेजर ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी स्टाफ सदस्य को गिरफ्तार कर लिया गया है और वह फिलहाल जेल में है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और चोरी से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है। हालांकि, अमीषा पटेल या उनके परिवार की ओर से अभी तक इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
‘गदर 2’ में नजर आई थीं अमीषा पटेल
वर्कफ्रंट की बात करें तो अमीषा पटेल को आखिरी बार 2023 में रिलीज हुई ‘गदर 2’ में सनी देओल के साथ देखा गया था। अनिल शर्मा के निर्देशन में बनी इस फिल्म में उत्कर्ष शर्मा, सिमरत कौर और मनीष वाधवा भी अहम भूमिकाओं में थे। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया था।
अमीषा पटेल ने साल 2000 में ऋतिक रोशन के साथ ‘कहो ना… प्यार है’ से बॉलीवुड में डेब्यू किया था। इसके बाद 2001 में रिलीज हुई ‘गदर: एक प्रेम कथा’ में सकीना के किरदार ने उन्हें घर-घर में पहचान दिलाई। सनी देओल के साथ उनकी जोड़ी को दर्शकों ने खूब पसंद किया था।








